'भूल भूलैया 4' का काम रुका, अनीस बज्मी बोले- मंजुलिका से भी धांसू कहानी का है इंतजार
अनीस बज्मी ने जानकारी दी है कि फिल्म 'भूल भूलैया 4' पर अभी काम रुका हुआ है। इसकी वजह यह है कि टीम को अभी तक कोई नई और दिलचस्प कहानी नहीं मिल पाई है।
उन्होंने मजेदार अंदाज में बताया, 'पिछली बार तो हमने हीरो को ही मंजुलिका बना दिया था, तो अब चौथी फिल्म के लिए एक जबरदस्त कहानी की जरूरत है।'
ऐसे में, फैंस को अगली हॉरर-कॉमेडी एडवेंचर के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
अनीस ने की कार्तिक की जमकर तारीफ
उन्होंने यह भी साफ किया कि फिल्म बंद नहीं हुई है, बल्कि सही कहानी का इंतजार किया जा रहा है। अनीस ने कार्तिक आर्यन की भी खूब तारीफ की।
उन्होंने कहा, 'कार्तिक की सबसे अच्छी चीज यह है कि वह बहुत ज्यादा मेहनत करते हैं। अगर उन्हें किसी अच्छे निर्देशक का साथ मिल जाए, तो वह कमाल दिखा सकते हैं। वह कॉमेडी में बहुत माहिर हैं और पूरे दिन हंसते रहते हैं।'
इसी दौरान, अनीस अक्षय कुमार, विद्या बालन और रश्मी खन्ना के साथ एक नई कॉमेडी फिल्म पर काम शुरू कर रहे हैं। यह जोड़ी उनकी पिछली हिट फिल्मों के बाद एक बार फिर साथ नजर आएगी।