गोलम की कास्टिंग पर एंडी सरकिज का दो टूक जवाब, बोले राजनीतिक सही दिखने के लिए नहीं करेंगे जबरन कास्टिंग
'द हंट फॉर गोलम' में मुख्य भूमिका निभा रहे एंडी सरकिज ने फिल्म की पूरी तरह से श्वेत कास्ट को लेकर हो रहे विरोध पर अपनी बात रखी है।
उन्होंने बताया कि कास्टिंग टॉल्किन के मूल विजन के मुताबिक की गई है, जो नॉर्डिक पौराणिक कथाओं से प्रेरित है। एंडी ने कहा, 'द शायर एक ऐसा इलाका है, जो पूरी तरह से श्वेत दिखता है। उन्हें शायर की सीमाओं से बाहर क्या हो रहा है, इसकी खास परवाह नहीं होती, लेकिन वे किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर नहीं आने देना चाहते।'
एंडी ने आलोचना स्वीकार की, लेकिन साथ ही कहा, 'मुझे नहीं लगता कि हम ऐसी फिल्म बनाएंगे जिसमें सिर्फ राजनीतिक रूप से सही दिखने के लिए, बेवजह कास्टिंग की जाए और खानापूर्ति की जाए।'
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि जहां जरूरी होगा, वहां इस मुद्दे पर जरूर ध्यान दिया जाएगा।
'द हंट फॉर गोलम' की ये है कास्ट
'द हंट फॉर गोलम' बिल्बो के जन्मदिन और फ्रोडो के शायर छोड़ने के बीच के 17 साल के अंतराल को दिखाती है। कहानी अरागोर्न और गैंडालफ के इर्द-गिर्द घूमती है।
वे सॉरॉन के वन रिंग का ठिकाना पता चलने से पहले गोलम को खोजने में लगे हैं। फिल्म की कास्ट में एलिजा वुड और इयान मैकेलेन जैसे जाने-पहचाने चेहरे शामिल हैं।
इनके साथ ही केट विंसलेट, जेमी डोर्नन, अन्ना टेलर-जॉय, लियो वुडॉल और ली पेस भी नजर आएंगे। मध्य-पृथ्वी के इस अगले अध्याय का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए जल्द ही और कास्टिंग खबरें आने की उम्मीद है।