अनन्या पांडे AI के बढ़ते इस्तेमाल पर बोलीं- इंसानी जज्बातों की जगह नहीं ले सकती तकनीक
क्या है खबर?
अभिनेत्री अनन्या पांडे का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फिल्म निर्माण में मदद कर सकता है, लेकिन इसकी कीमत इंसानी प्रतिभा या सहमति देकर नहीं चुकानी चाहिए। बॉम्बे हाई कोर्ट से हाल ही में पर्सनैलिटी राइट्स की अंतरिम सुरक्षा पाने वाली अनन्या का कहना है कि AI एक ऐसी हकीकत है जिससे हम जूझ रहे हैं। उनके मुताबिक, 'आर्टिफिशियल' के लिए 'हकीकत' शब्द कहना अजीब लगता है, लेकिन इसे स्वीकार करना होगा, ये हमारी जिंदगी का हिस्सा है।
दो टूक
"AI से काम आसान, पर लोगों की जगह ले तो डरावना"
HT सिटी से अनन्या ने कहा, "पहले जिस काम के लिए शोर या रुकावट के चलते बार-बार रीटेक लेने पड़ते थे, AI से वो काम तेज हुआ है। उसे साफ करना आसान हो गया है, लेकिन जब बात लोगों की जगह AI लेने की आती है तो ये डरावना लगता है। मेरा मानना है कि AI कभी इंसानी भावनाओं की जगह नहीं ले सकता।"
तकनीक के भविष्य को लेकर चिंतित अनन्या ने इसके लिए सीमाएं तय करने पर जोर दिया।
गलत इस्तेमाल
AI के जरिए किसी को बदनाम करना गलत- अनन्या
अनन्या के मुताबिक, आने वाले समय में AI किस तरह से इस्तेमाल होगा और इसका क्या असर पड़ेगा, इस पर अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि, उनका मानना है कि कुछ मामलों में लोगों को इसके गलत इस्तेमाल के खिलाफ आवाज उठानी ही होगी। खासकर तब, जब बिना सहमति के AI से किसी के फोटो या वीडियो बनाए जाएं।
उन्होंने कहा कि किसी को नीचा दिखाने, छवि बिगाड़ने या झूठी बातें दिखाने के लिए AI का इस्तेमाल गलत है।
कदम
फोटो और AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ कोर्ट पहुंची थीं अनन्या
बता दें कि अनन्या ने बिना इजाजत अपनी तस्वीरों, नकली विज्ञापनों और AI से बने डीपफेक व चैटबॉट्स के गलत इस्तेमाल के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया था।
कई कंपनियां और वेबसाइट्स उनकी पहचान का फायदा उठाकर सामान बेच रही थीं और आपत्तिजनक सामग्री फैला रही थीं। हाई कोर्ट ने इसे उनकी निजता और सम्मान के अधिकार के खिलाफ माना और ऐसी आपत्तिजनक सामग्री हटाने का अंतरिम आदेश दिया।
वर्कफ्रंट
'कॉल मी बे' सीजन 2 में बेला चौधरी के रूप में लौटेंगी अनन्या
अनन्या आखिरी बार लक्ष्य लालवानी के साथ रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'चांद मेरा दिल' में नजर आई थीं। अब वो अपने हिट शो 'कॉल मी बे' के दूसरे सीजन में बेला चौधरी के किरदार में दिखाई देंगी।
पहले सीजन की सफलता के बाद इस नए सीजन को लेकर दर्शकों में खासी उत्सुकता देखी जा रही है। जहां एक ओर सिनेमाघरों में नई फिल्मों को लेकर चर्चाएं गर्म हैं, वहीं OTT पर अनन्या की वापसी को लेकर भी उत्साह बना हुआ है।