अमिताभ बच्चन को जान से मारने की धमकी, ई-मेल में समय भी बताया
क्या है खबर?
मुंबई प्रशासन को मिले एक नए धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। इस बार फिर बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल में 'जलसा' के अलावा शहर के कई अन्य बेहद संवेदनशील और कई बड़े ठिकानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई मेयर का दफ्तर और महालक्ष्मी रेसकोर्स प्रमुख रूप से शामिल हैं।
चेतावनी
खालिस्तान के नाम पर मुंबई को दहलाने की धमकी
'खालिस्तान नेशनल आर्मी' ने अमिताभ बच्चन, मुंबई एयरपोर्ट और मेयर ऑफिस समेत कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी है।
संगठन ने एक ईमेल भेजकर कहा है कि उनकी योजना अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' समेत कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाने की है।
ईमेल में गुरुवार को सुबह 9 बजकर 11 मिनट से शाम 5 बजकर 11 मिनट के बीच 'जलसा' के बाहर खड़ी एक कार को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है।
निशाना
अमिताभ बच्चन को 31 दिसंबर तक घर में ही मारने की धमकी
ई-मेल में 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी स्टेडियम में हमले की बात कहते हुए लोगों को शो में न जाने और लावारिस पड़े आईफोन न उठाने की सलाह दी गई है।
इसमें अमिताभ को 31 दिसंबर तक उनके घर में ही मारने की धमकी भी दी गई है।
इस संदेश में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र और खालिस्तान समर्थक नारे लिखे हैं। इसके अलावा एक कोर्ट और मेयर ऑफिस पर हमलों का वक्त भी बताया गया है।