संजय गुप्ता के निधन पर छलका अमिताभ बच्चन का दर्द- उन्होंने ऐसा क्या गलत किया था?
क्या है खबर?
निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता का 59 वर्ष की आयु में निधन हो गया, जिससे फिल्म उद्योग सदमे में है। कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। संजय के साथ फिल्म 'कांटे' में काम कर चुके महानायक अमिताभ बच्चन ने भी एक भावुक संदेश के साथ इस निर्देशक को याद किया। बिग बी ने अपने ब्लॉग पर संजय का नाम लिए बिना उनके निधन पर गहरा शोक जताया।
भावुक पोस्ट
समझ नहीं आ रहा ये सब कैसे हो रहा- अमिताभ
अमिताभ ने संजय के निधन पर दुख जताते हुए हिंदी में लिखा, 'कला की दुनिया का एक दोस्त, एक साथी कलाकार और कला का सच्चा पुजारी इतनी छोटी सी उम्र में हमें छोड़कर चला गया। मुझे समझ ही नहीं आ रहा कि यह सब कैसे हो रहा है।" उन्होंने आगे लिखा, "कला की दुनिया से हमारे प्यारे साथियों को हमसे छीना जा रहा है। उन्होंने ऐसा क्या गलत किया था, जो उनके साथ ऐसा हादसा हुआ?"
गुहार
'ग्रह-नक्षत्र हम पर अत्याचार करना बंद करें'
अमिताभ ने आगे लिखा, 'लोग कहते हैं कि सौरमंडल के सभी शक्तिशाली ग्रह एक साथ प्रतिकूल (अशुभ) हो गए हैं। कृपया हम पर दया करें। जो शक्तियां हम पर अपना प्को'प बरसा रही हैं, क्या ये वाकई सही और न्यायसंगत है? सौरमंडल के सभी ग्रह अपने-अपने घरों में वापस लौट जाएं और एक-दूसरे से अलग रहें। शायद तब वे हम सभी को परेशान करना बंद कर देंगे।'
अमिताभ ने संजय गुप्ता के साथ फिल्म 'कांटे' में काम किया था।
हादसा
वर्सोवा स्थित अपने घर में खून से लथपथ मिले थे संजय गुप्ता
बता दें कि संजय गुप्ता 31 अक्टूबर की सुबह वर्सोवा स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात घर के अंदर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। सुबह जब उनकी पत्नी और दोनों बच्चे जागे तो उन्होंने उन्हें खून से लथपथ पड़ा पाया। वे तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वर्सोवा पुलिस ने इस संबंध में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।