'कांटे' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' बनाने वाले निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता नहीं रहे, बॉलीवुड में शोक
क्या है खबर?
'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'कांटे' जैसी शानदार फिल्में बनाने वाले मशहूर निर्माता और निर्देशक संजय गुप्ता का 57 की उम्र में निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 अक्टूबर, 2026 को मुंबई स्थित अपने घर के बाथरूम में अचानक फिसलकर गिरने से उनका निधन हो गया। इस दुखद हादसे के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। हालांकि, घटना से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार किया जा रहा है।
दुखद
अचानक मौत से सदमे में प्रशंसक
बॉलीवुड में क्राइम ड्रामा और स्टाइलिश एक्शन फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले मशहूर निर्माता-निर्देशक संजय गुप्ता का निधन हो गया है।
'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'कांटे' जैसी थ्रिलर फिल्मों से हिंदी सिनेमा में खास पहचान बनाने वाले संजय के निधन का सटीक कारण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
फिलहाल उनके परिवार और करीबियों की तरफ से विस्तृत बयान का इंतजार किया जा रहा है।
उनके अचानक चले जाने से प्रशंसक सदमे में हैं।
पोस्ट
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने की पुष्टि
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर संजय गुप्ता के निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि घर में अचानक सिर में चोट लगने के कारण संजय गुप्ता का निधन हुआ। अशोक ने उन्हें एक जिंदादिल इंसान और जुनूनी फिल्ममेकर बताते हुए लिखा कि ये इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही संजय के अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी।
करियर
तीन दशकों के करियर में बनाई कई यादगार फिल्में
संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म 'आतिश' से अपने निर्देशन करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद उन्होंने 'राम शास्त्र', 'जंग' और 'खौफ' जैसी फिल्में बनाईं।
हालांकि, साल 2002 में आई बहुचर्चित फिल्म 'कांटे' से उन्हें बॉलीवुड में असली पहचान मिली।
अपने तीन दशक लंबे करियर में उन्होंने 'व्हाइट फीदर फिल्म्स' बैनर की स्थापना की और लेखक से लेकर निर्देशक व निर्माता के रूप में 'जिंदा', 'काबिल' और 'मुंबई सागा' जैसी कई बेहतरीन फिल्में दर्शकों को दीं।