अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में फिर खरीदी संपत्ति, जानिए कितने करोड़ में हुआ सौदा
क्या है खबर?
अमिताभ बच्चन का 'राम की नगरी' अयोध्या से संपत्ति लगाव फिर देखने को मिला है। उन्होंने अभिनंदन लोढ़ा हाउस (HoABL) से 2.67 एकड़ जमीन का सौदा किया है जिसकी कीमत 35 करोड़ रुपये है। बता दें, HoABL के साथ अमिताभ का यह तीसरा संपत्ति निवेश है। इससे पहले 2024 में, उन्होंने 'द सरयू' परिसर में 14.5 करोड़ में 10,000 वर्गफुट की एक जमीन खरीदी थी। फिर 2025 में, उसके बगल में 40 करोड़ में 25,000 वर्गफुट का प्लॉट खरीदा था।
संपत्ति ब्यौरा
'द सरयू' परियोजना के पास स्थित है संपत्ति
HoABL द्वारा 6 मार्च को यह जानकारी दी गई है जिसमें बताया गया कि यह जमीन HoABL की 75 एकड़ की 'द सरयू' परियोजना के पास स्थित है। AB Corp Ltd के प्रबंध निदेशक राजेश यादव द्वारा इस सौदे को अंजाम दिया गया है। HoABL के अध्यक्ष अभिनंदन लोढ़ा ने कहा, "बच्चन का निवेश जमीन को एक अंतर-पीढ़ीगत संपत्ति के रूप में देखने की साझा आस्था को दर्शाता है, जो निरंतर रूप से मूल्य को संरक्षित करती है।"
निवेश
अमिताभ ने HoABL की 'सोल दे अलीबाग' परियोजना में भी किया है निवेश
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, अमिताभ ने HoABL की 'सोल दे अलीबाग' परियोजना में भी निवेश किया है। यहां उन्होंने 10 करोड़ कीमत वाली 10,000 वर्गफुट जमीन खरीदी है। उनके अलावा, इस परियोजना में, कार्तिक आर्यन और कृति सैनन ने भी निवेश किया है। HoABL ने अपने बयान में बताया कि उसकी परियोजनाओं में शामिल 65% से अधिक ग्राहक फार्मास्युटिकल, BFSI और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के CEO और CXO हैं। साथ ही बॉलीवुड के सितारे और अन्य हस्तियां भी हैं।