'रामायण' में माता सीता की आवाज बनीं अमी त्रिवेदी, साई पल्लवी के लिए डबिंग के अनुभव को बताया 'ईश्वरीय संयोग'
वॉयस आर्टिस्ट अमी त्रिवेदी ने फिल्म 'रामायण' के हिंदी संस्करण में साई पल्लवी के लिए डबिंग करने के अनुभव को खास बताया है। उन्होंने कहा कि साई पल्लवी के किरदार के लिए ऑडिशन देना उनके लिए किसी ईश्वरीय संयोग जैसा था, क्योंकि माइक पर उनकी आवाज साई की आवाज और अभिनय के साथ स्वाभाविक रूप से मेल खा गई। निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा ने भी इस बात पर सहमति जताई थी। अमी ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती साई के अभिनय के अनुरूप आवाज देने के साथ माता सीता के किरदार की गरिमा और भावनाओं को बनाए रखना था।
सीता के भावुक दृश्यों पर दिया खास ध्यान
मुलन और लोइस लेन जैसे किरदारों को आवाज दे चुकीं वॉयस आर्टिस्ट अमी त्रिवेदी ने 'रामायण' में साई पल्लवी के किरदार सीता की डबिंग की है। इस दौरान उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा के साथ मिलकर काम किया। अमी ने साई पल्लवी से भी उनके अभिनय और भाव-भंगिमाओं को समझने के लिए कुछ जरूरी सुझाव लिए। उन्होंने सीता की अयोध्या से विदाई और रावण द्वारा अपहरण जैसे भावुक दृश्यों की डबिंग पर खास ध्यान दिया, ताकि किरदार की भावनाएं और कहानी की गहराई दर्शकों तक पहुंच सके।