अमीषा पटेल का बॉलीवुड पर करारा तंज- आदित्य धर ने कलाकार लिए, रील बनाने वाले नहीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री अमीषा पटेल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में कलाकारों के चयन को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। फिल्म 'धुरंधर 2' की स्टारकास्ट की तारीफ करते हुए अमीषा ने निर्देशक आदित्य धर की जमकर सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि आज के दौर में जहां फिल्मों में कलाकार 'इंस्टाग्राम फॉलोअर्स' के आधार पर कास्ट किए जा रहे हैं, वहीं आदित्य ने सिर्फ मंझे हुए कलाकारों को मौका देकर बॉलीवुड को आईना दिखाया है।
तंज
अमीषा ने बॉलीवुड पर बोला हमला
अमीषा ने एक्स पर लिखा, 'ये आंखें खोलने वाला है। पूरी इंडस्ट्री 'धुरंधर' की तारीफ कर रही है, वो अद्भुत है और ये ब्रांड इन सभी तारीफों का हकदार है। फिल्म इंडस्ट्री को अब ये समझने की जरूरत है कि आदित्य धर ने एक 'फिल्म' बनाई है, न कि केवल एक 'प्रोजेक्ट'। उन्होंने असली कलाकारों को कास्ट किया है, ना कि उन इंस्टाग्रामर्स को जो सिर्फ पार्टियों में ट्रेंड होते हैं। प्रोजेक्ट बनाना बंद करें और फिल्में बनाना शुरू करें।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए अमीषा का पोस्ट
Eye opener 👌Industry Praising DHURANDHAR is wow and the brand deserves all the accolades 👏👏industry needs to realise that ADITYA made a film and not a project,,casted actors and not instagrammars who trend at parties 👍stop making projects and and start making films👍
— ameesha patel (@ameesha_patel) March 24, 2026
सराहना
ये सितारे भी चुके फिल्म की तारीफ
अमीषा इस फिल्म की प्रशंसकों में शामिल होने वाली नई स्टार हैं,। उनसे पहले आलिया भट्ट, कंगना रनौत, अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर, महेश बाबू और रजनीकांत जैसे कई बड़े नाम इस फिल्म की प्रशंसा कर चुके हैं। हर कोई आदित्य धर के निर्देशन और फिल्म की दमदार स्टारकास्ट (रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त और अक्षय खन्ना) की तारीफ कर रहा है। अब इस फिल्म की सफलता को अमीषा ने बॉलीवुड के लिए एक सबक बताया है।
स्टारकास्ट
'धुरंधर 2' की स्टारकास्ट और प्रतिभाशाली कलाकारों की चर्चा
'धुरंधर 2' की जबरदस्त स्टारकास्ट खूब चर्चा में है, जिसकी कास्टिंग मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने की है। फिल्म में रणवीर सिंह, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे नामों के अलावा कई ऐसे चेहरे भी शामिल हैं, जो अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की खासियत यह है कि इसमें दानिश पांडोर, राकेश बेदी, गौरव गेरा, मानव गोहिल, नवीन कौशिक, उदयबीर संधू और दानिश इकबाल जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों को महत्वपूर्ण भूमिकाएं दी गई हैं।
कारोबार
'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने भारत में की इतनी कमाई
'धुरंधर' का सीक्वल 'धुरंधर 2: द रिवेंज' रणवीर सिंह के किरदार के दो पहलुओं को गहराई से दिखाता है। फिल्म में उनके किरदार का नाम जसकीरत सिंह रंगी है, जो एक युवा जासूस के रूप में अपना सफर शुरू करता है, लेकिन हालात उसे एक ऐसी राह पर ले जाते हैं, जहां उसकी पहचान पूरी तरह बदल जाती है। 'धुरंधर 2: द रिवेंज' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 570 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।