बच्चों के शो में AI का चमत्कार, अमेजन ने 2 महीने में दिए 3 नए शो को हरी झंडी
अमेजन MGM स्टूडियोज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाए गए बच्चों के तीन शो को मंजूरी देकर एक नया अध्याय जोड़ा है।
27 मई, 2026 को इसकी घोषणा हुई। ये अमेजन के GenAI क्रिएटर्स फंड के पहले प्रोजेक्ट हैं, जिसका लक्ष्य फिल्म निर्माताओं और डिजिटल क्रिएटर्स को AI का इस्तेमाल करके अपने सोच को तेजी से हकीकत में बदलना है।
'पंकी डक' को 2 महीने में मिली मंजूरी
इनमें सबसे आगे 'पंकी डक' है, जिसे निर्देशक जोर्गे गुतिरेज ने बनाया है। इसे सिर्फ दो महीने में मंजूरी मिल गई, जबकि आमतौर पर एक पायलट शो बनाने में दो साल तक लग जाते हैं।
इसके साथ ही अल्बी हेक्ट का 'डायना म्यूजिक हंटर्स' और बजफीड स्टूडियोज का 'कपकेक एंड फ्रेंड्स' भी शामिल हैं, जिन्हें AI की मदद से रिकॉर्ड तेजी से तैयार किया गया है।
हॉलीवुड यूनियन्स को है इस चीज का डर
एक तरफ अमेजन का कहना है कि AI से खर्चा कम होता है और काम की रफ्तार बढ़ जाती है, वहीं हॉलीवुड यूनियन्स को डर है कि इससे क्रिएटिव नौकरियों पर खतरा आ सकता है।
अमेजन के अल्बर्ट चेंग ने हाल ही में एक कॉन्फ्रेंस में यूनियन्स को भरोसा दिलाया कि यह तकनीक उनकी नौकरियां खत्म नहीं करेगी।
बल्कि, इससे लागत और समय दोनों बचेगा, जिससे अमेजन ज्यादा से ज्यादा शो बना पाएगा।
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि AI एक आकर्षक तकनीक है, इसलिए इसमें इंसानी रचनात्मकता को बनाए रखना बहुत जरूरी है।