बॉक्स ऑफिस पर पस्त हुई 'अल्फा', पहले हफ्ते में 50 करोड़ भी नहीं कमा सकी फिल्म
क्या है खबर?
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ अभिनीत YRF स्पाई यूनिवर्स की फिल्म 'अल्फा' के लिए बॉक्स ऑफिस पर पहला हफ्ता काफी निराशाजनक रहा। सिनेमाघरों में दमदार शुरुआत करने के बाद सोमवार से गुरुवार में फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखी गई। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 7वें दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अब तक का सबसे कम कारोबार किया, जिसके चलते ये अपने पहले हफ्ते में 50 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी।
कमाई
पहले हफ्ते में कमाए बस इतने करोड़
YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-प्रधान फिल्म 'अल्फा' ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहले वीकेंड पर 34 करोड़ की शानदार कमाई की थी, लेकिन इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली। बुधवार और गुरुवार को फिल्म का कारोबार काफी कम रहा। सैकनिल्क के अनुसार, रिलीज के 7वें दिन फिल्म ने केवल 2.60 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह भारी गिरावट के कारण ये फिल्म अपने पहले हफ्ते में कुल 47.55 करोड़ रुपये ही जुटा पाई।
धीमी रफ्तार
शानदार शुरुआत के बाद फीकी पड़ी 'अल्फा'
'अल्फा' ने एक शानदार वीकेंड के बाद अपनी रफ्तार पूरी तरह खो दी है। ये फिल्म 1 हफ्ते के भीतर 50 करोड़ का आंकड़ा पार करने में भी नाकाम रही। इसके अलावा अपने ओपनिंग वीकेंड तक ये आलिया भट्ट के करियर की 2 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में 'राज़ी' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' से आगे चल रही थी, लेकिन अब 'अल्फा' कमाई के मामले में इन दोनों फिल्मों से काफी पीछे छूट गई है।
संकट
'धमाल 4' की रिलीज से बढ़ीं 'अल्फा' की मुश्किलें
'अल्फा' की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं, क्योंकि सिनेमाघरों में अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' रिलीज हो गई है। इससे 'अल्फा' के शोज काफी कम हो जाएंगे और उसकी कमाई बढ़ने की गुंजाइश न के बराबर बचेगी। करीब 150 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनी 'अल्फा' को अपनी लागत निकालने के लिए भारत में कम से कम 100 करोड़ और दुनियाभर में 150 करोड़ की कमाई करनी होगी, जो फिलहाल तो नामुमकिन लग रहा है।
बेअसर
ऋतिक के कैमियो और बॉबी-अनिल के होने के बाद भी नहीं चली 'अल्फा
YRF स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा रही 'अल्फा' को उदय चोपड़ा ने लिखा है और इसका निर्देशन शिव रवैल ने किया है। इस फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा फिल्म में ऋतिक रोशन ने भी एक कैमियो (विशेष भूमिका) किया है, जिसमें वो अपनी फिल्म 'वॉर' के किरदार में नजर आए हैं। बता दें कि रिलीज के बाद इस फिल्म को समीक्षकोंसे ज्यादातर खराब रिव्यूज मिले।