LOADING...
अलका याग्निक क्यों गंभीर बीमारी के बीच खुद 'पद्म भूषण' लेने पहुंचीं? भावुक कर देगी वजह
बीमारी के बीच खुद 'पद्म भूषण' लेने क्यों पहुंचीं अलका याग्निक?

अलका याग्निक क्यों गंभीर बीमारी के बीच खुद 'पद्म भूषण' लेने पहुंचीं? भावुक कर देगी वजह

Jun 24, 2026
09:33 am

क्या है खबर?

पद्म पुरस्कार समारोह में अलका याग्निक की कमजोर और नाजुक हालत देखकर प्रशंसक चिंतित हो गए थे। गंभीर बीमारी सेंसरी न्यूरल हियरिंग लॉस से जूझ रहीं गायिका ने अब अपनी चुप्पी तोड़ते हुए भावुक नोट साझा किया है। अलका ने बताया कि वो इस मुश्किल दौर से डरी नहीं हैं और धीरे-धीरे अपनी पुरानी जिंदगी व संगीत की दुनिया में वापसी की राह पर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने फैंस के प्यार, दुआओं और समर्थन के लिए आभार भी जताया।

आभार

मुश्किल वक्त में प्रशंसकों का जताया आभार

अपने नोट में अलका ने अपने स्वास्थ्य संघर्षों के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट कर लिखा, "पिछले 2 वर्षों से मैं लाइमलाइट, सार्वजनिक समारोहों और अपनी इस यात्रा को ज्यादा साझा करने से दूर रही हूं। आप में से कई लोग जानते थे कि मैं एक कठिन स्वास्थ्य दौर से गुजर रही हूं और इस पूरे समय में आपका प्यार, प्रार्थनाएं, संदेश और अटूट समर्थन हर कदम पर मेरे साथ रहे हैं।'

श्रेय

भले ही नाम मेरा हो, पर ये सम्मान हर श्रोता का है- अलका

अलका लिखती हैं, 'जब मैं देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक प्रतिष्ठित 'पद्म भूषण' को प्राप्त करने निकली तो मेरा दिल पूरी तरह कृतज्ञता से भरा था। ये सम्मान मुझे बेहद विनम्र करने वाला है। भले ही इस पर मेरा नाम लिखा हो, लेकिन ये उतना ही हर उस श्रोता का है, जिसने मेरी आवाज को अपनी जिंदगी में जगह दी, पीढ़ी-दर-पीढ़ी मेरे गानों को आगे बढ़ाया और मेरी हर खुशी और मुश्किल में हमेशा साथ खड़े रहे।'

Advertisement

वापसी

अलका ने कहा- सिर्फ अपने लिए नहीं, आपके लिए यहां आई हूं

अलका ने बताया कि वो इस सम्मान को खुद स्वीकार करना चाहती थीं। उन्होंने लिखा, 'ये पल मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यह न केवल मेरे काम की पहचान है, बल्कि उस ताकत की याद दिलाता है, जो प्यार, उम्मीद और हिम्मत से मिलती है। मैं धीरे-धीरे वापसी कर रही हूं और यहां सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि आप में से हर उस शख्स के लिए मौजूद रहना चाहती थी, जो मेरे इस सफर का हिस्सा रहा है।'

Advertisement

सम्मान

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए लिखी ये बड़ी बात

अलका याग्निक ने कहा कि वाे इस सम्मान के लिए देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार की आभारी हैं। उन्होंने पद्म सम्मान को विनम्रता और गर्व के साथ स्वीकार करते हुए अपने प्रशंसकों का वर्षों के स्नेह, प्रार्थनाओं और भरोसे के लिए धन्यवाद दिया। अलका ने कहा कि ये सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उन लाखों लोगों के प्यार और समर्थन का प्रतीक है, जो उनके पूरे सफर में साथ रहे हैं।

खुलासा

अलका ने कब किया था इस बीमारी का खुलासा?

अलका एक वायरल अटैक के बाद हुई गंभीर बीमारी सेंसरी न्यूरल हियरिंग लॉस से जूझ रही हैं। इस बीमारी का खुलासा उन्होंने साल 2024 में किया था। कुछ महीनों पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वो अब तक पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाई हैं। इस बीमारी का उनकी गायकी पर बुरा असर पड़ा है। उन्होंने दर्द साझा कर कहा कि संगीतकार आज भी उनसे संपर्क करते हैं, लेकिन वो चाहकर भी रिकॉर्डिंग करने की स्थिति में नहीं हैं।

ट्विटर पोस्ट

अलका की हालत देख दुखी हो गए प्रशंसक

Advertisement