आलिया भट्ट की 'अल्फा' बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ पार, पर क्या कायम रहेगा जलवा?
आलिया भट्ट की नई स्पाई थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' ने बॉक्स ऑफिस पर एक अहम पड़ाव पार कर लिया है। फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस (भारत) पर जहां 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है, वहीं दुनियाभर में इसकी कुल कमाई 85.51 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
यशराज फिल्म्स (YRF) के मशहूर स्पाई यूनिवर्स की ये पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी पूरी कहानी एक महिला लीड किरदार पर टिकी है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक शुरुआत करने के बावजूद रिलीज के बाद से फिल्म के कारोबार में हर दिन गिरावट भी दर्ज की जा रही है।
आलिया की 'जिगरा' से बेहतर रहा प्रदर्शन
कड़ी टक्कर के बावजूद आलिया भट्ट की 'अल्फा' ने 9वें दिन सिनेमाघरों में ठीक-ठाक पकड़ बनाए रखी। अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' और अजय देवगन की 'धमाल 4' जैसी बड़ी फिल्मों के सामने होने के बाद भी इसका कारोबार आलिया की पिछली फिल्म 'जिगरा' से बेहतर रहा है। हालांकि, घिसी-पिटी कहानी के कारण फिल्म समीक्षकों को प्रभावित नहीं कर पाई और इसकी मौलिकता पर सवाल उठ रहे हैं। शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।