Page Loader
आलिया भट्ट की पिछली 5 फिल्माें का कैसा रहा बॉक्स ऑफिस पर हाल?
आलिया भट्ट की पिछली फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा प्रदर्शन?

आलिया भट्ट की पिछली 5 फिल्माें का कैसा रहा बॉक्स ऑफिस पर हाल?

Oct 10, 2024
09:55 pm

क्या है खबर?

आलिया भट्ट फिल्म 'जिगरा' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में वह धमाकेदार एक्शन सीन करती दिखेंगी। इसमें उनके साथ अभिनेता वेदांग रैना नजर आने वाले हैं। एडवांस बुकिंग देख ट्रेड पंडितों ने अनुमान लगाया है कि 'जिगरा' की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत ठंडी रहेगी। इसकी पहले दिन की कमाई निराश कर सकती है। इसी कड़ी में आइए हम आपको आलिया की सिनेमाघरों में आईं पिछली 5 फिल्मों और बॉक्स ऑफिस पर उनके प्रदर्शन के बारे में बताते हैं।

#1

'कलंक'

शुरुआत करते हैं साल 2019 में आई आलिया की फिल्म 'कलंक' से। इसके निर्माता करण जौहर थे। फिल्म को लेकर लोगों के बीच खासा उत्साह था, लेकिन यह पर्दे पर आई तो सारा शोर बंद हो गया। फिल्म की न सिर्फ समीक्षकों ने धज्जियां उड़ाईं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी यह ढेर हो गई। 130 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म भारत में केवल 84 करोड़ रुपये का कारोबार कर पाई। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है।

#2

'गंगूबाई काठियावाड़ी'

इसके बाद बतौर लीड अभिनेत्री 2020 में आलिया फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' लेकर आईं। इस फिल्म के निर्देशन की कमान संजय लीला भंसाली ने संभाली थी। न सिर्फ इसकी कहानी, बल्कि इसमें आलिया की शानदार अदाकारी को भी दर्शकों से हरी झंडी मिली। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला। भारत में इस फिल्म ने 132 करोड़ रुपये तो दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

#3

'RRR'

इस फिल्म में भले ही आलिया का किरदार छोटा रहा हो, लेकिन यह उनकी पिछली 5 फिल्मों में से एक है, जो सिनेमाघरों में आई। इस फिल्म में राम चरण और जूनियर एनटीआर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म ने ऑस्कर और गोल्डन ग्लोब जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए थे। 550 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 1,300 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स, डिज्नी+हाॅटस्टार और ZEE5 पर देखी जा सकती है।

#4 और #5

'ब्रह्मास्त्र: भाग-1' और 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी'

'ब्रह्मास्त्र: भाग-1' ने भारत में 250 करोड़ रुपये तो दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। इसका बजट लगभग 400 करोड़ था। लिहाजा कमाई के हिसाब से आलिया की यह फिल्म औसत रही। डिज्नी+हॉटस्टार पर यह फिल्म देखी जा सकती है। उधर 2023 में आई आलिया और रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' का बजट 160 करोड़ रुपये था। इसने दुनियाभर में 355 करोड़ रुपये कमाए। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है।