'जिगरा' को सेंसर बोर्ड ने 'U/A' सर्टिफिकेट देकर दिखाई हरी झंडी, जानिए कब रिलीज होगी फिल्म
आलिया भट्ट जल्द ही फिल्म 'जिगरा' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करती हुई नजर आएंगी। इसमें आलिया न सिर्फ अभिनय कर रही हैं, बल्कि वह फिल्म की सह-निर्माता भी हैं। वह करण जौहर के साथ फिल्म का निर्माण कर रही हैं। फिल्म आलिया के साथ वेदांग रैना भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह आलिया और वेदांग के बीच पहला सहयोग है। अब 'जिगरा' सेंसर बोर्ड से पास हो चुकी है और इसकी अवधि से भी पर्दा हट गया है।
एडवांस बुकिंग जल्द होगी शुरू
पिंकविला की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने 'जिगरा' को 'U/A' सर्टिफिकेट देकर हरी झंडी दिखाई है। किसी भी फिल्म को 'U/A' सर्टिफिकेट मिलने का मतलब है कि बच्चे भी इसे देख सकते हैं। हालांकि, 12 साल से कम उम्र के बच्चों को माता-पिता के मार्गदर्शन में फिल्म देखनी होती है। इस फिल्म की अवधि 2 घंटे 35 मिनट की है। 'जिगरा' की एडवांस बुकिंग जल्द शुरू हो जाएगा।
11 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
'जिगरा' की कहानी जेल तोड़ने की एक घटना पर आधारित है, जिसके केंद्र में भाई-बहन का रिश्ता है। आलिया और वेदांग इस फिल्म भाई-बहन का किरदार निभा रहे हैं। इसके निर्देशन की कमान वासन बाला ने संभाली है, जिन्होंने 2022 में आई फिल्म 'मोनिका, ओ माय डार्लिंग' का निर्देशन किया था। 'जिगरा' 11 अक्टूबर, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का सामना राजकुमार राव की फिल्म 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' से होगा।