'फुकरे' के बाद फिर जमेगी जोड़ी, नई कॉमेडी फिल्म में पहली बार लीड रोल में ऋचा चड्ढा और अली फजल
अली फजल और ऋचा चड्ढा जल्द ही एक नई कॉमेडी फिल्म में पहली बार मुख्य भूमिकाओं (लीड रोल) में एक साथ नजर आने वाले हैं। शशि वर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में दिग्गज अभिनेता कुमुद मिश्रा भी एक अहम किरदार निभाएंगे। ये फिल्म दिल्ली की रंगीन, ऊर्जावान और भागदौड़ भरी जिंदगी को बड़े पर्दे पर मजेदार अंदाज में पेश करेगी। फुकरे के बाद ये ऋचा और अली का पहला ऐसा प्रोजेक्ट होगा, जिसमें दोनों कलाकार मुख्य किरदारों में साथ नजर आएंगे।
अली फजल ने की स्क्रिप्ट की तारीफ
अभिनेता अली फजल ने फिल्म की कहानी की तारीफ करते हुए कहा कि इसके किरदार और स्थितियां बेहद असली लगती हैं, वहीं ऋचा चड्ढा भी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्हें दिल्ली की यादें ताजा करने और अली के साथ अपनी नई ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री दिखाने का मौका मिलेगा। निर्देशक शशि वर्मा के मुताबिक, दिल्ली का माहौल ही इस कहानी और इसके किरदारों की अफरा-तफरी की असली वजह है। इस फिल्म का निर्माण चंदन आनंद, मुकेश गिरी रिंकू और रवि नार्मुला कर रहे हैं।