अक्षय खन्ना चले साउथ की डगर, 'महाकाली' के बाद इस फिल्म में शामिल होने की चर्चा
क्या है खबर?
अक्षय खन्ना सिनेमा के उन सितारों में से हैं, जो फिल्म में शानदार प्रदर्शन करके और लोगों की वाहवाही लूटकर चकाचौंध से दूर हो जाते हैं। हालांकि नई परियोजनाओं के अपडेट्स उन्हें खबरों में ले ही आते हैं। फिलहाल तो अभिनेता फिल्म 'महाकाली' से अपना तेलुगु डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। इसमें वह दैत्य गुरु शुक्राचार्या का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। ताजा अपडेट है कि साउथ की एक अन्य फिल्म के लिए अक्षय से बातचीत चल रही है।
फिल्म
कल्याण दासारी की फिल्म में शामिल होने की चर्चा
123 तेलुगु की रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय को शरण कोप्पिसेट्टी द्वारा निर्देशित और RKD स्टूडियोज द्वारा निर्मित फिल्म 'अधीरा' में देखा जा सकता है। फिल्म में मुख्य किरदार अभिनेता कल्याण दसारी निभा रहे हैं, जबकि अक्षय को एक महत्वपूर्ण किरदार में देखा जा सकता है। फिल्म अभी निर्माण चरण में चल रही है। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अगर अक्षय इसका हिस्सा बनते हैं, तो यह 'महाकाली' के बाद साउथ में उनका दूसरा सहयोग होगा।
परियोजना
अक्षय खन्ना इन फिल्मों में आएंगे नजर
अक्षय को आखिरी बार रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' (दिसंबर, 2025) में देखा गया था। इसमें उन्होंने रहमान डकैत का किरदार निभाया और अपने अभिनय से हर किसी की तारीफें हासिल कीं। आने वाले दिनों में उन्हें निर्देशक प्रशांत वर्मा की 'महाकाली' में देखा जाएगा। इसके अलावा, उनके पास सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा द्वारा निर्देशित फिल्म 'इक्का' भी है। कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आएगी, जिसमें सनी देओल भी मुख्य किरदार में नजर आएंगे।