'भूत बंगला' नहीं, 'भूल भुलैया 2' होती अक्षय कुमार की फिल्म; जानिए क्यों नहीं बन सकी
क्या है खबर?
अक्षय कुमार ने 'भूल भुलैया' के जरिए दर्शकों को हॉरर-कॉमेडी का स्वाद चखाया था, जो 2007 में रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था। लंबे समय के बाद दोनों की जोड़ी 'भूत बंगला' के जरिए दोबारा दर्शकों का दिल जीतने आ रही है। हाल ही में फिल्म की रिलीज तारीख का आधिकारिक ऐलान किया गया है, जो 10 अप्रैल, 2026 होगी। इस बीच, 'भूत बंगला' से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है।
कहानी
'भूल भुलैया 2' के लिए लिखी गई थी कहानी
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्र ने बताया कि 'भूत बंगला' फिल्म मूल रूप से हिट फिल्म 'भूल भुलैया' की अगली कड़ी के रूप में बनाई जानी थी। उन्होंने कहा, "प्रियदर्शन ने सीक्वल का एक ड्राफ्ट लिखा था। उन्हें पूरा यकीन था कि अगर इस फ्रैंचाइजी को आगे बढ़ाया गया, तो अक्षय ही इसे बनाएंगे लेकिन तब बात नहीं बनी। बाद में, टी-सीरीज ने निर्देशक अनीस बज्मी और कार्तिक आर्यन के साथ फ्रैंचाइजी को आगे बढ़ाया।"
फिल्म
'भूत बंगला' में दिखाई देंगे ये सितारे
सूत्र ने आगे बताया, "प्रियदर्शन और अक्षय अब दोबारा साथ में जुड़े हैं, तो उन्होंने 'भूल भुलैया' फ्रैंचाइजी के लिए लिखी गई स्क्रिप्ट पर दोबारा काम किया।" फिल्म में तब्बू और वामिका गब्बी भी मुख्य किरदार में होंगी। दिवंगत अभिनेता असरानी भी इसका हिस्सा हैं। 'भूत बंगला' का निर्माण शोभा कपूर, एकता कपूर और अक्षय के प्रोडक्शन हाउस, केप ऑफ गुड फिल्म्स ने किया है, जबकि इसके सह-निर्माता फारा शेख और वेदांत बाली हैं।