'गोलमाल 5' में खलनायक बनकर तहलका मचाएंगे अक्षय कुमार? फिल्म पर आई ये जानकारी
क्या है खबर?
रोहित शेट्टी की ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फ्रैंचाइजी 'गोलमाल' अपनी 5वीं किस्त को लेकर खूब चर्चा बटोर रही है। फिल्म में, अजय देवगन अपनी पुरानी गैंग के साथ एक बार फिर दर्शकों को हंसी की डोज देते हुए दिखाई देंगे। इस बीच, पता चला है कि निर्माता एक सरप्राइज एंट्री कराने के बाद फिल्म के रोमांच का स्तर और बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। इस खबर ने लोगों को अभी से उत्साहित कर दिया है।
किरदार
अक्षय कुमार निभाएंगे खलनायक का किरदार
वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 'गोलमाल 5' को पिछली किस्तों के मुकाबले ज्यादा भव्य, दमदार और विस्तृत बनाया जाएगा। फिल्म में अक्षय कुमार शामिल हो गए हैं जो खलनायक के किरदार में दिखाई देंगे। इससे फिल्म में कॉमेडी और स्टार पावर का विस्तार होगा। अक्षय और अजय का यह पुनर्मिलन बड़े पर्दे पर देखना दर्शकों के लिए भी काफी रोमांचक होगा। इससे पहले दोनों सितारों को 'खाकी', 'सुहाग' और 'सिंघम फ्रैंचाइजी' जैसी फिल्मों में देखा जा चुका है।
शूटिंग
इसी महीने से शूटिंग शुरू होने की उम्मीद
'गोलमाल 5' की शूटिंग के लिए 15 फरवरी की तारीख तय की गई है। चूकि फिल्म के निर्देशक रोहित के जुहू स्थित आवास पर 1 फरवरी को गोलीबारी की घटना हुई थी। इस कारण सुरक्षा के लिहाज से उनकी आगामी परियोजनाओं में फेरबदल की संभावना है। फिल्म में, अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े, जॉनी लीवर, संजय मिश्रा और मुकेश तिवारी की वापसी होगी। करीना कपूर और शरमन जोशी भी 5वीं किस्त का हिस्सा बन सकते हैं।