अक्षय कुमार ला रहे भारत की पहली एलियन थ्रिलर 'सामुक', हाॅलीवुड के ये दिग्गज आए साथ
क्या है खबर?
अक्षय कुमार अब बड़े पर्दे पर एक ऐसा प्रयोग करने जा रहे हैं, जो भारतीय सिनेमा में पहले कभी नहीं हुआ। अक्षय जल्द ही भारत की पहली साइंस-फिक्शन एलियन-थ्रिलर फिल्म 'सामुक' में नजर आने वाले हैं। कनिष्क वर्मा के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में अक्षय एक बिल्कुल अलग अवतार में दिखेंगे। ये भारतीय सिनेमा के लिए एकदम नया अनुभव होने जा रहा है। अक्षय खुद इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। क्या बोले अभिनेता, आइए जानते हैं।
उत्साह
अक्षय के लिए एकदम नया प्रयोग
अक्षय ने अपनी आने वाली फिल्म 'सामुक' पर खुद मोहर लगाते हुए फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी है। ये भारतीय सिनेमा के इतिहास की पहली बड़े पैमाने की साइंस-फिक्शन एलियन थ्रिलर फिल्म होने वाली है। फिल्म को लेकर खुद अक्षय ने अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि ये साइंस फिक्शन एलियन थ्रिलर उनके करियर और खुद भारतीय सिनेमा के लिए एक बिल्कुल नया जॉनर है और इसकी शानदार स्क्रिप्ट ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है।
स्तर
हॉलीवुड को मिलेगी टक्कर
कनिष्क वर्मा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को अक्षय और विपुल अमृतलाल शाह मिलकर बनाने वाले हैं। दोनों 12 साल बाद साथ आ रहे हैं। फिल्म को हॉलीवुड के स्तर का बनाने के लिए निर्माताओं ने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के 2 बड़े दिग्गजों को टीम में शामिल किया है। इसमें 'मिशन: इम्पॉसिबल- द फाइनल रेकनिंग', 'वेनम' और 'स्टार वॉर्स' जैसी फिल्मों में काम कर चुके पूर्व रॉयल मरीन कमांडो व हॉलीवुड स्टंट को-ऑर्डिनेटर ल्यूक टंबर एक्शन की कमान संभालेंगे।
तैयारी
AI के दौर में हाथ से बनेगा अक्षय की फिल्म का एलियन
फिल्म के मुख्य आकर्षण यानी 'एलियन' को डिजाइन करने की जिम्मेदारी ऑस्कर नामांकित क्रिएचर-इफेक्ट्स आर्टिस्ट एलेक गिलिस को सौंपी गई है, जो 'एलियन' और 'प्रेडेटर' जैसी मशहूर हॉलीवुड फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं। एलेक गिलिस ने खुलासा किया कि आज के AI और CGI के दौर में भी 'सामुक' के एलियन मॉन्स्टर को पूरी तरह से पारंपरिक तरीके से हाथों से तैयार किया जाएगा, ताकि वो बिल्कुल वास्तविक और खौफनाक लगे।
तुलना
जेसन स्टैथम और टॉम क्रूज से हुई अक्षय की तुलना
एलेक्स ने कहा, "अक्षय के पास जेसन स्टैथम जैसा गजब का शरीर और टॉम क्रूज जैसी लोकप्रियता है, इसलिए वो फिल्म में एक ऐसा खतरनाक एलियन विलेन तैयार कर रहे हैं जिसकी ऊर्जा खुद अक्षय के बराबर की होगी, जिससे पर्दे पर इन दोनों की टक्कर देखना दर्शकों के लिए एक अद्भुत रोमांच लेकर आएगा।" बता दें कि अक्षय पिछली बार फिल्म 'भूत बंगला' में दिखे थे, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था।