अक्षय कुमार बेटे आरव के करियर पर बोले- बस में सफर करता, बेचारा 4,500 कमाता है
क्या है खबर?
अक्षय कुमार अक्सर अपने अनुशासन के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार चर्चा में उनके बेटे आरव भाटिया हैं। अक्षय ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने बेटे के करियर और जीवनशैली को लेकर बड़े खुलासे किए। अक्षय ने बताया कि आरव को फिल्मों में आने में कोई दिलचस्पी नहीं है और वो चकाचौंध से दूर जमीन से जुड़ी जिंदगी जी रहे हैं। अक्षय के मुताबिक, उनका बेटा महीने के महज 4,500 रुपये कमा रहा है।
समानता
"मुझ जैसा ही है मेरा बेटा"
हाल ही में शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में नजर आए अक्षय ने आरव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि आरव स्वभाव और आदतों के मामले में बिल्कुल उनके जैसा ही है। अक्षय ने कहा, "हम दोनों काफी हद तक एक जैसे हैं। उसे भी अपनी सेहत का बहुत ख्याल रहता है और मैं भी वैसा ही हूं। मेरी तरह लंबा है और अपने काम को लेकर काफी समर्पित है। उसे काम करना बहुत पसंद है।"
खुलासा
वो बेचारा 4,500 रुपये की नौकरी कर रहा- अक्षय
अक्षय ने आरव के संघर्ष और उनकी सीखने की प्रक्रिया पर बात करते हुए बताया कि वो किस तरह जमीन से जुड़कर काम सीख रहे हैं। अक्षय बोले, "वो बेचारा आज भी 4,500 रुपये की नौकरी कर रहा है, पर ये अच्छी बात है, क्यों नहीं? वो गांवों में जा रहा है और वहां से फैशन की बारीकियां सीख रहा है। आरव अलग-अलग तरह के प्रिंट्स और कपड़ों के काम को गहराई से समझ रहा है।"
पढ़ाई
15 साल की उम्र से घर से दूर रह रहे आरव
साल 2002 में जन्मे आरव भाटिया ने खुद को हमेशा चकाचौंध से दूर रखा है। अक्षय और ट्विंकल खन्ना के बेटे आरव ने महज 15 साल की उम्र में ही पढ़ाई के लिए विदेश जाने का फैसला कर लिया था। आरव फिलहाल लंदन की एक यूनिवर्सिटी में अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं और साथ ही फैशन के क्षेत्र में अनुभव हासिल कर रहे हैं। उनकी छोटी बहन नितारा अक्सर अपनी मां के सोशल मीडिया पोस्ट्स में नजर आती हैं।
फिल्म
बॉक्स ऑफिस पर अक्षय की 'भूत बंगला' का धमाका
अक्षय इन दिनों अपनी नई फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उनकी कॉमिक टाइमिंग की खूब तारीफ हो रही है। निर्देशक प्रियदर्शन के साथ 14 साल बाद उनकी वापसी ने बॉक्स ऑफिस पर भी हलचल पैदा कर दी है। फिल्म ने अपने पहले दिन 15 करोड़ से ज्यादा का शानदार कारोबार किया है। फिल्म में अक्षय के अलावा परेश रावल, तबू, वामिका गब्बी और राजपाल यादव जैसे शानदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।