अक्षय कुमार ने ताजा कीं स्कूल की यादें, बोले- 9वीं क्लास तक 3 बार फेल हुआ
क्या है खबर?
अक्षय कुमार इन दिनों 2 कारणों से खूब चर्चा बटोर रहे हैं। एक ओर, उनकी फिल्म 'भूत बंगला' 17 अप्रैल को रिलीज हो रही है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। दूसरी तरफ उनका गेम शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' दर्शकों की वाहवाही लूट रहा है। सोनी लिव पर आने वाले इस शो में अक्षय ने अपनी स्कूली जिंदगी से जुड़ा अनसुना और दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि किंडरगार्डन से लेकर 9वीं क्लास तक वह 3 बार फेल हुए थे।
खुलासा
स्कूल में बैकबेंचर छात्र थे अक्षय कुमार
अक्षय ने स्कूली दिनों को याद करते हुए बताया कि परीक्षा पास करने में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ता था। शो में आए अपने दोस्त जिनेश को देखते हुए उन्होंने कहा, "हम लोग KG से साथ में हैं और KG से 9वीं कक्षा के बीच में हम लोग 3-3 बार फेल हुए हैं।" अभिनेता ने दोस्त से मजाकिया लहजे में पूछा कि वह बार-बार असफल क्यों हुआ, तो जिनेश ने कहा, "मैं आपके साथ समय बिताता था, उसकी वजह से!"
शौक
अक्षय कुमार ने बताया दोस्त के बचपन का शौक
अक्षय ने अपने दोस्त के बचपन के शौक का खुलासा किया, जो कि लड़कियों की एक झलक पाने के लिए शहर में साइकिल चलाना था। तभी जिनेश ने दर्शकों की ओर देखा और पूछा, "क्या लगता है, मैं देखता था या ये।" इसपर सभी लोग हंसने लगते हैं। अक्षय हमेशा से कहते आए हैं कि वह अपने सभी दोस्तों के साथ संपर्क में हैं। इससे पहले उन्होंने कपिल शर्मा के शो में भी अपने बचपन के दोस्तों को बुलाया था।