बॉलीवुड की तरक्की के पीछे अक्षय कुमार का बड़ा हाथ, एकता कपूर ने कही बड़ी बात
क्या है खबर?
मशहूर निर्माता एकता कपूर ने हाल ही में अभिनेता अक्षय कुमार की जमकर तारीफ की है। एकता का मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री की तरक्की और हजारों लोगों को मिलने वाले रोजगार के पीछे अक्षय का बहुत बड़ा हाथ है। उनके मुताबिक, अक्षय जिस रफ्तार और अनुशासन के साथ फिल्में करते हैं, उससे न केवल सिनेमा जगत को मजबूती मिलती है बल्कि यह हजारों परिवारों की आजीविका चलाने में भी मदद करता है। क्या कुछ बोलीं एकता, आइए जानते हैं।
दो टूक
एकता कपूर ने अक्षय कुमार को बताया 'गुरुजी'
एकता ने अक्षय को 'गुरुजी' कहते हुए उनके लिए इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि धर्मेंद्र, जितेंद्र और अक्षय जैसे सितारों की वजह से ही आज फिल्म इंडस्ट्री फल-फूल रही है और लोगों को रोजगार मिल रहा है। उनके मुताबिक, इन्हीं कलाकारों की वजह से फिल्म जगत का कारोबार जिंदा है और निर्माताओं के पास आज भी अपनी बात रखने की ताकत और अवसर बचे हुए हैं।
आभार
एकता का अक्षय को शुक्रिया
एकता ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी इंडस्ट्री की तरक्की के लिए अक्षय जैसे कलाकारों की जरूरत होती है जो नियमित रूप से काम करते हैं ताकि हर निर्माता को मौका मिल सके। एकता के अनुसार, जब ज्यादा फिल्में बनती हैं, तभी बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होता है। उन्होंने अक्षय का आभार जताते हुए लिखा, 'अक्षय सर, हर छोटे-बड़े निर्माता को अपना सर्वश्रेष्ठ देने का अवसर प्रदान करने के लिए आपका शुक्रिया।'
तुलना
जब अक्षय सर से बात करती हूं, लगता है डैड से बात कर रही हूं- एकता
एकता ने ये भी जोड़ा कि इन सितारों ने फिल्म जगत की अर्थव्यवस्था में जो योगदान दिया है, उसकी अक्सर सराहना नहीं की जाती। एकता ने अक्षय की तुलना अपने पिता जितेंद्र से की। उन्होंने लिखा, 'अक्षय सर और मेरे पिता में इतनी समानताएं हैं कि जब भी मैं उनसे बात करती हूं, मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं अपने डैड से बात कर रही हूं। उनका अनुशासन, निर्माता के विजन पर अटूट विश्वास और गहरा सम्मान वाकई अद्भुत है।'
उद्देश्य
'नंबर वन' बनने से ज्यादा जरूरी है लोगों को काम देना
एकता का मानना है कि इंडस्ट्री सिर्फ 1,000 करोड़ की फिल्मों के भरोसे नहीं चलती। अक्षय जैसे सितारे 'भूत बंगला' जैसी हिट फिल्में देते हैं तो इससे हजारों लोगों का काम चलता रहता है। यही बात अक्षय को उनके साथियों से अलग बनाती है, जो एक फिल्म लाने में सालों लगा देते हैं। एक हालिया इंटरव्यू में अक्षय ने भी कहा था कि उनका ध्यान 'नंबर वन' बनने की होड़ के बजाय काम करने और रोजगार पैदा करने पर है।