अक्षय कुमार-शिल्पा शेट्टी करने वाले थे शादी, फिर क्यों टूटा रिश्ता; सुनील दर्शन ने बताया
क्या है खबर?
अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी का अफेयर 90 के दशक में खूब चर्चा में रहा था। फिल्म 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' (1994) की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ ये रिश्ता जल्द ही काफी गहरा हो गया था। हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्म 'जानवर' के निर्देशक सुनील दर्शन ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि दोनों एक-दूसरे को लेकर बहुत सीरियस थे और बात शादी के मंडप तक पहुंच चुकी थी, लेकिन बाद में उनके रास्ते अलग हो गए।
बयान
निर्माता ने की अक्षय के डूबते करियर पर बात
90 के दशक में लगातार फ्लॉप फिल्में देने के कारण अक्षय का करियर बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा था।
सुनील ने खुलासा किया कि एक समय ऐसा आ गया था, जब निर्माता ने अक्षय पर पैसा लगाना ही बंद कर दिया था, क्योंकि बाजार में उनकी मांग खत्म हो चुकी थी। ऐसे फ्लॉप दौर के बाद 1999 में आई फिल्म 'जानवर' ने अक्षय की किस्मत बदल दी। ये फिल्म उनके डूबते करियर के लिए सबसे बड़ा मोड़ साबित हुई।
अफेयर
"होने वाली थी शादी, पर एक गलतफहमी ने तोड़ा रिश्ता"
निर्देशक-निर्माता ने ये भी खुलासा किया कि उस समय अक्षय और शिल्पा शेट्टी का लव अफेयर काफी मजबूत दौर में था। हालांकि, एक गलतफहमी के कारण दोनों के रास्ते हमेशा के लिए अलग हो गए।
सुनील दर्शन ने बताया, "उस दौर में अक्षय और शिल्पा का रिश्ता बेहद मजबूत था और मुझे तो यहां तक लगता था कि दोनों लगभग शादी करने ही वाले हैं, लेकिन फिर उनके बीच कुछ गलतफहमियां पैदा हुईं और उनका ब्रेकअप हो गया।"
रफ्तार
पहली बार अक्षय के स्टारडम ने ली बड़ी छलांग
सुनील दर्शन ने मिनट्स ऑफ मसाला से बातचीत में आगे बताया कि फिल्म 'जानवर' की व्यावसायिक सफलता ने अक्षय की लगातार फ्लॉप फिल्मों के उस दर्दनाक दौर को तोड़ दिया था, जिसमें 'सपूत' (1996), 'लहू के दो रंग' (1997), 'इंसाफ: द फाइनल जस्टिस' (1997), 'दावा' (1997) और 'तराज़ू' (1997) जैसी कई फिल्में शामिल थीं।
उन्होंने कहा, "जब 'जानवर' रिलीज हुई और सुपरहिट साबित हुई, तब पहली बार अक्षय के स्टारडम ने अपनी पहली बड़ी छलांग लगाई।"
फिल्में
फंस गई थीं 'हेरा फेरी' और 'धड़कन'
सुनील बोले, "इसके बाद अक्षय की जो फिल्में निर्माताओं के पास अटकी पड़ी थीं जैसे 'हेरा फेरी' और 'धड़कन', सब रिलीज के लिए तैयार हो गईं। फिर अगले 25 सालों तक अक्षय का करियर लगातार नई ऊंचाइयों पर रहा। उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मैंने उनके साथ कुल 7 फिल्मों में काम किया है।"
सुनील-अक्षय की जोड़ी ने 'जानवर' के अलावा 'अंदाज', 'तलाश: द हंट बिगिन्स' और 'एक रिश्ता: द बॉन्ड ऑफ लव' जैसी चर्चित फिल्में की हैं।