
करीना कपूर ने ठुकराई थी प्रियंका चोपड़ा की ये भूमिका, सुनील दर्शन बाेले- बड़ी गलती की
क्या है खबर?
करीना कपूर और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'ऐतराज' तो आपको याद ही होगी। फिल्म में दोनों अभिनेत्रियां एक-दूसरे के आमने-सामने थीं। करीना हीरोइन बनी थीं तो प्रियंका इसमें खलनायिका की भूमिका में नजर आई थीं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रियंका वालs किरदार का प्रस्ताव पहले करीना को दिया गया था। वह इस भूमिका के लिए पहली पसंद थीं। सालों बाद फिल्म के निार्माता सुनील दर्शन ने यह खुलासा किया है।
चुनाव
करीना ने चुनी हीरोइन की भूमिका
साल 2004 में आई फिल्म 'ऐतराज' को प्रियंका के करियर में मील का पत्थर माना जाता है। इस फिल्म में निभाए सोनिया की नकारात्मक भूमिका ने उनके करियर को और बुलंदियों पर पहुंचा दिया था। 'ऐतराज' में करीना भी थीं, जो अक्षय कुमार की पत्नी की भूमिका में थीं। करीना को फिल्म में पहले प्रियंका वाला रोल दिया गया था, लेकिन उन्होंने हीरोइन का रोल चुना। निर्देशक ने इसका खुलासा किया और इसे करीना की बड़ी गलती बताया।
पूर्वानुमान
"कई बार कलाकार गलत अनुमान लगा लेते हैं"
बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में सुनील दर्शन बोले, "कई बार कलाकार गलत अनुमान लगा लेते हैं। उस जमाने में नकारात्मक भूमिका को वैम्प जैसा ही माना जाता था। चूंकि प्रियंका को अमरीश पुरी के साथ उनकी पत्नी के किरदार में कास्ट किया गया था, इसलिए यह शशिकला जैसा रोल ज्यादा लग रहा था, लेकिन समय के साथ, कहानी बदलती है और नजरिया भी बदलता है। मैंने मन ही मन सोचा- हे भगवान, बेबो ने कितनी बड़ी गलती कर दी।"
बयान
करीना पर तंज, प्रियंका की तारीफ
सुनील ने आगे कहा, "लेकिन बेबो तो बेबो हैं। वो हमेशा हर चीज को आसानी से कर लेना चाहती थीं। करीना वो रोल इसलिए गंवा बैठीं, क्योंकि उन्होंने वो किरदार नहीं किया। उन्होंने हीरो के साथ वाला हीरोइन का रोल चुना। वह प्रियंका वाला किरदार भी ले सकती थीं, लेकिन उन्होंने उस भूमिका से परहेज किया।" सुनील ने प्रियंका की तारीफ की। वह बाेले कि उन्होंने सोनिया का किरदार स्वीकार कर अपने करियर में बड़ा जोखिम उठाया था।
सराहना
बड़ी मेहनती थीं प्रियंका- सुनील दर्शन
सुनील बोले, "प्रियंका एक ऐसे मुकाम पर थीं, जहां वह सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही थीं। वह मेहनती इंसान थीं। वह जो चाहती थीं, उसके पीछे भागती थीं और उसे हासिल भी करती थीं। उस समय अभिनेत्रियां ऐसे किरदार करने में हिचकती थीं, लेकिन प्रियंका ने ये जोखिम उठाया और इस कदम ने उनके करियर को नई ऊंचाइयां दीं।" बता दें कि फिल्म आने के बाद हर तरफ प्रियंका की तारीफ हुई। उन्हें इसके लिए फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला था।
जानकारी
'ऐतराज' के बारे में
साल 2004 में आई 'ऐतराज' के निर्देशक अब्बास-मस्तान थे। 11 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 26 करोड़ रुपये कमाए थे। सुनील ने सुभाष घई के साथ मिलकर यह फिल्म बनाई थी, जो रिलीज होने के बाद खूब चर्चा में रही थी।