'दृश्यम 3' की सफलता के बीच अजय देवगन जाएंगे कारगिल, 'चौहान' की तैयारी शुरू
क्या है खबर?
अजय देवगन इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'दृश्यम 3' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। हालांकि, उनके कदम अभी ठहरने वाले नहीं हैं क्योंकि उन्होंने आगे तक की तैयारी कर ली है। इसी सिलसिले में अभिनेता कारगिल का रुख करेंगे। बताया जा रहा है कि अजय अपनी आगामी फिल्म 'चौहान' के पहले शेड्यूल के लिए वहां जाएंगे और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में शूटिंग शुरू करेंगे। फिल्म का ऐलान इसी साल किया गया था।
परियोजना
दमदार एक्शन अवतार में लौटेंगे अजय
मूवी टॉकीज के मुताबिक, नीरज यादव के निर्देशन में बनी रही 'चौहान' की कहानी जम्मू और कश्मीर में अशांति की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। इसमें सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के सामने आने वाली चुनौतियों को दर्शाया जाएगा।
यह फिल्म कश्मीर की अशांत राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति को दिखाएगी, जिसमें 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने से संबंधित घटनाक्रम भी शामिल होगा।
फिल्म में अजय को एक दमदार एक्शन अवतार में देखे जाने की उम्मीद है।
रिलीज
अगले साल रिलीज के लिए तैयार है 'चौहान'
'चौहान' को जियो स्टूडियोज और आनंद एल राय के कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया जा रहा है।
जून, 2026 को अजय ने फिल्म का ऐलान करते हुए टीजर जारी किया था, जिसमें उनके दमदार अवतार और फिल्म की संघर्षपूर्ण दुनिया की एक झलक दिखी थी।
इसमें अभिनेता का संवाद था, "पठानों से कहना, चौहान आ रहा है।"
फिल्म 1 अक्टूबर, 2027 को सिनेमाघरों का रुख करेगी। इसके अलावा, वह 'गोलमाल 5' (जनवरी, 2027) और 'रेंजर' (2027) में दिखेंगे।