निर्देशक कुकू कोहली के निधन पर भावुक हुए अजय देवगन, इस बात का जताया आभार
क्या है खबर?
अजय देवगन ने दिग्गज फिल्म निर्देशक कुकू कोहली के निधन पर शोक जताया है। कुकू वही फिल्ममेकर थे, जिन्होंने अभिनेता को 35 साल पहले बॉलीवुड में लॉन्च किया था। 1991 में आई फिल्म 'फूल और कांटे' से अजय ने अपना फिल्मी करियर शुरू किया था। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया और निर्देशक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुकू उनके लिए उनमें से एक थे, जिन्होंने उनकी जिंदगी की दिशा हमेशा के लिए बदल दी।
श्रद्धांजलि
अजय ने भावुक शब्दों से निर्देशक को दी विदाई
अभिनेता ने निर्देशक को श्रद्धांजलि देते हुए अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, 'कुछ लोग जिंदगी की दिशा हमेशा के लिए बदल देते हैं। कुकू जी (कूकू कोहली) मेरे लिए उन्हीं में से एक थे। मुझ पर आपके विश्वास के लिए मैं सदा आभारी रहूंगा। कुकू जी, आपकी बहुत याद आएगी। ओम शांति।' आखिर में उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी जोड़ा।
अभिनेता की पोस्ट पर फैंस भी दुख व्यक्त करते हुए कुकू को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
Some people change the course of your life forever. Kuku ji was one of those people for me.
— Ajay Devgn (@ajaydevgn) August 26, 2026
Forever grateful for the faith you had in me. You will be deeply missed, Kuku ji.
Om Shanti.🙏
करियर
कुकू के सिनेमाई सफर पर एक नजर
77 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए कूकू का हिंदी सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने दिवंगत अभिनेता राज कपूर का सहायक बनकर की थी। फिर 'फूल और कांटे' से उन्होंने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा।
इसके बाद 'अनाड़ी नंबर 1', 'हकीकत' और 'सुहाग' जैसी फिल्में देकर लोकप्रियता हासिल की।
कुकू की निजी जिंदगी देखें, तो उनकी पहली शादी रीता कोहली से और दूसरी शादी अभिनेत्री अरुणा ईरानी से हुई थी।