BCCI की 18 सितंबर को मुंबई में होगी वार्षिक आम बैठक, जानिए क्या रहेगा एजेंडा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की वार्षिक आम बैठक (AGM) 18 सितंबर को मुंबई में आयोजित की जाएगी। यह BCCI की 95वीं AGM होगी। इसमें भारतीय क्रिकेट के भविष्य से जुड़े कई और प्रशासनिक मुद्दों पर मुहर लगाई जाएगी। BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने सभी 38 राज्य इकाइयों को इस बैठक के संबंध में आधिकारिक सूचना भेज दी है। बैठक में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष समेत 2 पदों के लिए चुनाव पर भी चर्चा होगी।
चुनाव
IPL गवर्निंग काउंसिल के चुनाव और समय सीमा
BCCI के चुनावी अधिकारी एके ज्योति ने मंगलवार को IPL गवर्निंग काउंसिल के चुनाव का आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है।
इसके तहत नियम 28 के मुताबिक गवर्निंग काउंसिल के 2 निर्वाचित पदों को भरा जाएगा।
नामांकन की आखिरी तारीख 31 अगस्त होगी। वैध उम्मीदवारों की घोषणा 11 सितंबर को की जाएगी।
माना जा रहा है कि इन दोनों पदों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है। ऐसे में मतदान की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एजेंडा
AGM में शामिल अन्य एजेंडे
इस AGM के एजेंडे में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ अंडमान एंड निकोबार आइलैंड्स को BCCI की एसोसिएट सदस्यता देने पर अंतिम विचार किया जाएगा और उसके बाद उसे मंजूरी भी दी जा सकती है।
बता दें कि एसोसिएट सदस्यों के पास वोटिंग अधिकार नहीं होते हैं।
इसी तरह BCCI के नए लोकपाल और नैतिकता अधिकारी की आधिकारिक नियुक्ति को भी इस AGM के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल किया गया है।