रोहित शेट्टी को फिर मिली खौफनाक धमकी, कॉल करने वाला बोला- जुहू वाली गोलीबारी तो सिर्फ ट्रेलर थी
मशहूर फिल्मकार रोहित शेट्टी को एक डरावनी ऑडियो धमकी मिली है, जिसमें उनसे 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने फरवरी में उनके जुहू स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी को महज एक 'ट्रेलर' बताते हुए साफ चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर उन्हें बड़े खतरे का सामना करना पड़ेगा। मुंबई पुलिस ने इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जांच और तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक
पुलिस ऑडियो क्लिप की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि यह पता लग सके कि इसे किसने भेजा है। पुलिस को शक है कि इस धमकी के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हो सकते हैं। याद दिला दें कि फरवरी में शेट्टी के घर पर पांच गोलियां चलाई गई थीं। उस वक्त पुलिस ने आगरा से दीपक शर्मा नाम के एक शख्स को पकड़ा था, जिसे शूटर बताया गया था। जांच एजेंसियों का अब मानना है कि इस नई धमकी में जो आवाज सुनाई दे रही है, वो शुभम लोणकर की हो सकती है। इन धमकियों के बाद रोहित शेट्टी की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।