रणवीर सिंह विवाद: फिल्म इंडस्ट्री की एकजुटता देख भावुक हुआ परिवार; पिता ने पूनम ढिल्लों को किया खास धन्यवाद
रणवीर सिंह के पिता जगजीत सिंह भवानी ने अभिनेत्री पूनम ढिल्लों को खासतौर पर फोन करके शुक्रिया कहा है। दरअसल, कुछ समय पहले अफवाह उड़ी थी कि रणवीर सिंह फिल्म 'डॉन 3' छोड़ रहे हैं, जिसके बाद फिल्म वर्कर्स ग्रुप (FWICE) ने उनके खिलाफ एक सख्त निर्देश जारी कर दिया था। हालांकि, पूनम ढिल्लों और पूरी फिल्म इंडस्ट्री इस मुश्किल वक्त में रणवीर के साथ खड़ी रही, जिसकी वजह से वोे निर्देश सिर्फ एक हफ्ते के भीतर ही हटा लिया गया। पूनम ढिल्लों ने बताया कि रणवीर का पूरा परिवार फिल्म इंडस्ट्री से मिले इस बड़े समर्थन और एकता के लिए सबका बहुत आभारी है।
कलाकारों के अधिकार के लिए सामने आया CINTAA
CINTAA की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों ने FWICE के इस कदम को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि ये कलाकारों के काम चुनने के अधिकार के खिलाफ था। पूनम ढिल्लों ने ये भी साफ किया कि CINTAA ने पहले दिन से ही इस पाबंदी का विरोध किया था। भले ही अब ये निर्देश हटा लिया गया है, लेकिन दोनों संगठन अब भी इस मामले को आपस में सुलझाने के लिए बातचीत कर रहे हैं।