'टॉक्सिक' पर लग रहे आरोपों पर यश बोले- अश्लीलता गलत है, मैंने तो फिल्म में किस भी नहीं किया
फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' में महिलाओं के चित्रण और कुछ बोल्ड सीन्स को लेकर हो रही आलोचनाओं का सुपरस्टार यश ने करारा जवाब दिया है। टीवी शो 'आप की अदालत' में अपना पक्ष रखते हुए यश ने कहा, "फिल्म को खूबसूरती से पर्दे पर पेश करना पड़ता है और यही सिनेमा का असली प्रभाव होता है। यह एक फिल्ममेकर का अपना विजन और उसकी आवाज होती है।" इसके साथ ही उन्होंने अश्लीलता के आरोपों को खारिज करते हुए साफ किया, "अश्लीलता पूरी तरह गलत है। आपने खुद देखा होगा कि मैंने तो फिल्म में कोई किसिंग सीन भी नहीं दिया है।
जेन Z की सोच पर बनी है 'टॉक्सिक'
सुपरस्टार यश का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक' खास तौर पर आज की युवा पीढ़ी (जेन Z) की सोच को ध्यान में रखकर बनाई गई है। ये फिल्म सामाजिक बंदिशों और 2 पीढ़ियों के बीच के फासले से उपजी उलझनों पर खुलकर बात करती है। इसका मकसद लोगों को पुराने ढर्रे पर सवाल उठाने के लिए प्रेरित करना और पीढ़ियों के बीच बातचीत का नया रास्ता खोलना है।
तमाम देरी के बाद आखिरकार ये फिल्म 26 अगस्त को कन्नड़ और अंग्रेजी भाषाओं में बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वासंथ और हुमा कुरैशी जैसी बड़ी अभिनेत्रियां मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। सेंसर बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट दिया है और इसका रनटाइम 3 घंटे 14 मिनट रखा गया है।