'भूत बंगला' पसंद आई? अब OTT पर घर बैठकर देखिए ये हॉरर-कॉमेडी फिल्में
क्या है खबर?
हॉरर-कॉमेडी वो शैली है, जिसे देखकर डर ताे लगता ही है, लेकिन हंसी भी आती है। आजकल अधिकतर दर्शकों की यह पसंदीदा शैली बन चुकी है। यही कारण है कि अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। अगर आपने भी सिनेमाघरों में 'भूत बंगला' को देख लिया है, और इसी तरह की कुछ और फिल्में देखना चाहते हैं, तो OTT पर मौजूद हॉरर-कॉमेडी फिल्में आपका दिन बना देंगी। यहां देखिए इन फिल्मों की सूची।
#1 & #2
'भूल भुलैया' और उसके अगले भाग
अक्षय और निर्देशक प्रियदर्शन 'भूत बंगला' से पहले 2007 में 'भूल भुलैया' लेकर आए थे, जिसमें विद्या बालन, अमीषा पटेल और राजपाल यादव जैसे सितारे थे। नेटफ्लिक्स पर मौजूद यह फिल्म सिर्फ कहानी से नहीं, बल्कि गानों से भी दर्शकों की आजतक पसंदीदा बनी हुई है। साल 2022 में इसी नाम से कार्तिक आर्यन की फिल्म 'भूल भुलैया 2' रिलीज हुई जिसमें कियारा आडवाणी नजर आईं, जबकि 2024 में तीसरी किस्त आई। यह दोनों फिल्में भी नेटफ्लिक्स पर मौजूद हैं।
#3 & #4
'गोलमाल अगेन' और 'भेड़िया'
रोहित शेट्टी ने अपनी ब्लॉकबस्टर फ्रैंचाइजी 'गोलमाल' की चौथी कड़ी में कॉमेडी के साथ डर का तड़का लगाया। अजय देवगन अभिनीत 'गोलमाल अगेन' अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है। यह कहानी 5 दोस्तों की मस्तमौला जिंदगी में आए भयावह मोड़ के इर्द-गिर्द घूमती है। साल 2022 में आई वरुण धवन की 'भेड़िया' जियोहॉटस्टार पर मौजूद एक ऐसे शख्स की कहानी है, जो एक हादसे के बाद भेड़िया बन जाता है। उसके पास कुछ अलौकिक शक्तियां आ जाती हैं।
#5 & #6
'स्त्री फ्रैंचाइजी' और 'मुंज्या'
श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री' पहली किस्त के साथ 2018 में आई थी। 2024 में इसकी दूसरी किस्त आई। फिल्म की कहानी चंदेरी नाम के छोटे कस्बे में बसी एक ऐसे समुदाय के इर्द-गिर्द घूमती है जो 'स्त्री' के भय से ग्रस्त है। यह जियोहॉटस्टार पर मौजूद है। शरवरी वाघ और अभय वर्मा की फिल्म 'मुंज्या' भी हंसाने के साथ-साथ डराने का काम करती है। इसकी कहानी मुंज्या नामक एक अशांत आत्मा से जुड़ी हुई है।