'एलायंस': भाई सोहेल का साथ देने आ रहे सलमान खान, शो में नजर आएगा 1 घंटे का स्पेशल कैमियो
सलमान खान अपने भाई सोहेल खान का समर्थन करने के लिए एक नए अंदाज में आ रहे हैं। वो जल्द ही अमेजन प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'एलायंस' में 1 घंटे के स्पेशल कैमियो में नजर आएंगे। सोहेल इस समय इस शो में बतौर प्रतियोगी गेम खेल रहे हैं।
ये खबर तब सामने आई है, जब सोहेल की पूर्व पत्नी सीमा सजदेह भावुक होकर शो से बाहर हो गईं। सीमा ने वाइल्डकार्ड के रूप में शो में कदम रखा था, लेकिन उन्होंने खुद ही शो छोड़ने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद कुशाल टंडन ने डेजी शाह को सुरक्षित करते हुए सीमा को शो से बाहर का रास्ता दिखाया। फिलहाल सोहेल खान शो में मजबूती से बने हुए हैं।
सोहेल के मुश्किल दौर में साथ खड़े हुए सलमान
सीमा सजदेह ने खुद साथी प्रतियोगी कुशाल टंडन से गुजारिश की कि वो उन्हें शो से बाहर कर दें, जिसके बाद कुशाल ने डेजी शाह को बचाते हुए सीमा को एलिमिनेट कर दिया। सीमा की विदाई के वक्त सोहेल खान काफी भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने अलग होने का दुख है और उन्हें नहीं लगता कि दोनों को दोबारा ऐसा वक्त साथ बिताने का मौका मिलेगा। ऐसे में भाई सोहेल का हौसला बढ़ाने और मुश्किल दौर में उनका साथ देने के लिए ही सलमान खान इस शो का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
कुणाल खेमू करते हैं शो को होस्ट
कुणाल खेमू इस शो को होस्ट करते हैं और 'एलायंस' हर दिन दोपहर 12 बजे स्ट्रीम होता है। सोहेल के अलावा, कुशाल टंडन, रूही दोसांझ और अली गोनी जैसे नाम भी शो में प्रतियोगी के तौर पर शामिल हैं। सलमान के कैमियो से सोहेल को इस अहम पड़ाव पर काफी सहारा मिलेगा और उनका मनोबल बढ़ेगा।