'सतलुज' बैन पर हनी त्रेहान की भावुक अपील, बोले- जसवंत सिंह खालरा की कहानी सबको सुनने दो
फिल्म 'सतलुज' रिलीज के महज 48 घंटे बाद भारत में बैन हो गई और ZEE5 ने इसे दुनिया भर से हटा लिया। इस फैसले से विवाद खड़ा हो गया।
इस पर निर्देशक हनी त्रेहान ने हो रही आलोचना का जवाब दिया। उन्होंने बताया कि फिल्म में कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के कथित खालिस्तान कनेक्शन का जिक्र क्यों नहीं किया गया।
हनी के मुताबिक, उनका मकसद फिल्म को जसवंत के मानवाधिकारों के लिए किए गए संघर्ष पर केंद्रित रखना था, न कि राजनीति पर।
निर्देशक हनी ने की जसवंत की कहानी लोगों तक पहुंचाने की अपील
हनी ने कहा, 'मैं किसी के व्यक्तित्व की पड़ताल करने के लिए फिल्म नहीं बना रहा था। मेरा पूरा ध्यान उनके मानवाधिकारों के लिए किए गए कामों पर था।'
उन्होंने सवाल उठाया कि जसवंत जैसा व्यक्ति, जो कानून का पालन करने वाला नागरिक था, आखिर उसका अपहरण और हत्या क्यों की गई? दुनिया भर से फिल्म हटाए जाने को उन्होंने दिल तोड़ने वाला बताया।
हनी ने सरकार से गुजारिश की कि लोगों को जसवंत की कहानी सुनने दी जाए। उन्होंने कहा, 'जसवंत को दोबारा मत उठाओ।'
इस बीच, एक अदालत में याचिका दायर की गई है, जिसमें फिल्म को बिना किसी सार्वजनिक स्पष्टीकरण के हटाए जाने पर सवाल उठाए गए हैं।