कैंसर से जंग जीते 'जुरासिक पार्क' के अभिनेता सैम नील, आधुनिक थेरेपी ने दी नई जिंदगी
'जुरासिक पार्क' फेम दिग्गज अभिनेता सैम नील ने कैंसर के खिलाफ अपनी जंग जीत ली है। करीब चार साल तक लिंफोमा जैसे दुर्लभ और खतरनाक कैंसर से जूझने के बाद वे अब पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
जब शुरुआती कीमोथेरेपी का उन पर असर होना बंद हो गया था, तब उन्होंने 'कार टी-सेल थेरेपी' का सहारा लिया। यह एक आधुनिक और विशेष चिकित्सा पद्धति है, जिसमें मरीज की अपनी ही रोग प्रतिरोधक क्षमता की कोशिकाओं को लैब में प्रशिक्षित किया जाता है, ताकि वे कैंसर की कोशिकाओं को पहचानकर उन्हें खत्म कर सकें। इसी उन्नत इलाज की मदद से सैम नील आखिरकार कैंसर मुक्त हो पाए हैं।
मौत के करीब जाकर लौटे सैम नील
सैम नील को अपनी इस गंभीर बीमारी का पता साल 2022 में 'जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन' के प्रमोशन के दौरान चला था। इस खबर ने उनकी पूरी दुनिया हिला दी थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने अपने इस कठिन सफर के हर दर्द और अनुभव को अपनी आत्मकथा 'डिड आई एवर टेल यू दिस?' में संजोया है।
आज उन्हें कैंसर मुक्त हुए तीन साल से अधिक का समय बीत चुका है। अब वे जीवन के हर लम्हे को भरपूर उत्साह के साथ जीना चाहते हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "मैं अब एक जीता-जागता इंसान हूं। मेरी बस एक ही ख्वाहिश है मैं जीना चाहता हूं, जीना चाहता हूं और बस जीना चाहता हूं।