नेटफ्लिक्स पर आ रही सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाली 'गट्टा कुश्ती 2', रजनीकांत भी बांध चुके तारीफों के पुल
विष्णु विशाल और ऐश्वर्या लक्ष्मी की हिट तमिल स्पोर्ट्स-कॉमेडी फिल्म 'गट्टा कुश्ती 2' अब नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के लिए तैयार है। ये फिल्म 31 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। सिनेमाघरों में इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला, जहां इसने महज 3 हफ्तों में 55 करोड़ रुपये से ज्यादा का शानदार कारोबार किया।
चेल्ला अय्यावू के निर्देशन में बनी यह फिल्म हंसी-मजाक और पारिवारिक ड्रामे से भरपूर है। फिल्म की कहानी वीरा और कीर्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शादीशुदा जिंदगी, माता-पिता बनने की जिम्मेदारियों और कीर्ति के कुश्ती लड़ने के सपने के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद करते नजर आते हैं।
5 भाषाओं में स्ट्रीम होगी फिल्म
ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और हिंदी, इन पांचों भाषाओं में उपलब्ध होगी, ताकि हर भाषा के दर्शक इसका मजा ले सकें। फिल्म में काली वेंकट, करुणास, मुनीशकांत, राम्या कृष्णन और योगी बाबू जैसे बेहतरीन कलाकारों ने भी अहम किरदार निभाए हैं।
अभिनेता विष्णु विशाल ने खुद इस फिल्म को को-प्रोड्यूस किया है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ी कामयाबी है। फिल्म को सुपरस्टार रजनीकांत से भी खूब तारीफें मिली हैं। उन्होंने फिल्म की सराहना करते हुए कहा था, "आजकल ऐसी फिल्में बहुत कम देखने को मिलती हैं।"