'धुरंधर 2': साहित्यिक चोरी के आरोपों पर आदित्य धर ने संतोष कुमार को कानूनी नोटिस भेजा
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है। दूसरी ओर, फिल्म आदित्य धर ने फिल्म पर लगे साहित्यिक चोरी के आरोपों के चलते निर्देशक संतोष कुमार आर.एस. को कानूनी नोटिस भेजा है। दरअसल, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुमार ने दावा किया था कि 'धुरंधर 2' निर्माताओं ने उनकी कहानी की नकल की है। उन्होंने कहा था कि वह 'डी साहब' नाम की एक फिल्म बनाने वाले थे, जिसमें यही कहानी थी।
नोटिस
आदित्य धर ने आरोपों के खिलाफ नोटिस भेजा
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में एक सूत्र ने कहा, "आदित्य धर ने अपनी कानूनी टीम के जरिए संतोष कुमार को नोटिस जारी करते हुए आरोपों का खंडन किया है और उनसे झूठे दावे करने से बचने का अनुरोध किया है। इसके बावजूद, संतोष द्वारा निराधार आरोप लगाए जाने के कारण आदित्य उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया में हैं।" उधर, कुमार ने दावा किया कि उन्हें 'धुरंधर 2' निर्माताओं से एक ईमेल और एक नोटिस मिला है।
पलटवार
संतोष कुमार ने नोटिस पर पलटवार किया
कुमार ने कहा, "यह कोई नोटिस नहीं है, मेरे ईमेल का जवाब मात्र है। वह मुझे परेशान कर रहे थे, कह रहे थे कि मुझे शिकायत नहीं करनी चाहिए और मैं अपनी पब्लिसिटी के लिए उन्हें बदनाम कर रहा। मैंने उनसे कहा कि मैं कानूनी कार्रवाई करूंगा। इसलिए मुझे संदेश न भेजें, कोर्ट में आएं।" फिलहाल, 'धुरंधर 2' पर लगे साहित्यिक चोरी के आरोपों पर निर्देशक या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।