'आदिपुरुष' को लगा झटका, IMAX पर रिलीज नहीं होगी फिल्म; जानिए कारण
क्या है खबर?
जैसे-जैसे फिल्म 'आदिपुरुष' की रिलीज डेट करीब आ रही है, दर्शकों का फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। आए दिन इससे जुड़ीं नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं।
हालांकि, अब जो खबर आ रही है, उससे इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे प्रशंसक जरूर आहत होंगे।
दरअसल, यह फिल्म IMAX स्क्रीन में रिलीज नहीं होगी। वजह है हॉलीवुड फिल्म 'द फ्लैश', जिससे आदिपुरुष की बॉक्स ऑफिस पर टक्कर होने वाली है।
तैयारी
निर्माताओं ने बनाई थी ये योजना
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 'आदिपुरुष' IMAX में रिलीज नहीं होगी। निर्माता इसे 2D और 3D के IMAX स्क्रीन में भी रिलीज करना चाहते थे। हालांकि, बाद में इस योजना को बदल दिया गया।
बताया जा रहा है कि 'आदिपुरुष यकीनन भारत में बनी अब तक की सबसे भव्य फिल्म है। यही देखकर निर्माताओं ने महसूस किया कि इसे IMAX स्क्रीन पर रिलीज करना बेहतर होगा, लेकिन अब उनकी यह योजना रद्द हो गई है।
जीत
'द फ्लैश' ने मारी बाजी
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि वार्नर ब्रदर्स की सुपरहीरो फिल्म 'द फ्लैश' भी उसी दिन सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और इस फिल्म के निर्माताओं ने देशभर में IMAX स्क्रीन को एडवांस में बुक कर लिया था।
IMAX रूलबुक के मुताबिक, 2 IMAX फिल्में एक ही दिन रिलीज नहीं की जा सकती हैं। इसका नतीजा यह हुआ कि 'आदिपुरुष' को IMAX थिएटर में रिलीज करने का फैसला टाल दिया गया।
वजह
फिल्म की रिलीज में हुई देरी ने भी फेरा योजना पर पानी
'आदिपुरुष' शुरुआत में 12 जनवरी को रिलीज होनी थी। 2 अक्टूबर, 2022 को रिलीज किए गए टीजर में IMAX लोगो था, लेकिन फिर फिल्म को लगभग 5 महीने आगे बढ़ा दिया गया। रिलीज में हुई देरी के चलते भी ऐसा हुआ।
9 मई को रिलीज हुए ट्रेलर में IMAX लोगो नहीं था। इंडस्ट्री के एक अंदरूनी सूत्र ने इस पर कहा, "आदिपुरुष जैसी फिल्म को IMAX में रिलीज होना चाहिए था, लेकिन अफसोस IMAX प्रबंधन इसी तरह काम करता है।"
जानकारी
न्यजबाइट्स प्लस
IMAX तकनीक के जरिए ज्यादा हाई रेजोल्यूशन वाली और ज्यादा बड़े दृश्यों को रिकॉर्ड और प्रदर्शित किया जा सकता है। IMAX की स्क्रीन सामान्य सिनेमाघरों की स्क्रीन से कई गुना ज्यादा बड़ी होती है, जिससे फिल्म देखने का मजा दोगुना हो जाता है।
आगात
16 जून को रिलीज हो रही 'आदिपुरुष'
रामायण पर आधारित इस पौराणिक फिल्म का निर्देशन और लेखन ओम राउत ने किया है। 'आदिपुरुष' 16 जून को हिंदी, तेलुगq, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में दुनियाभर में रिलीज होने वाली है।
इस फिल्म में प्रभास , कृति सैनन, सैफ अली खान, देवदत्त नागे और सनी सिंह अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इस बीच 'द फ्लैश' अमेरिका में रिलीज होने से एक दिन पहले भारत में 15 जून को दस्तक देने जा रही है।