Page Loader
'आदिपुरुष' से पहले आ चुकीं हैं रामायण से प्रेरित ये फिल्में, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन
रामायण से प्रेरित पहले आ चुकी हैं ये फिल्में

'आदिपुरुष' से पहले आ चुकीं हैं रामायण से प्रेरित ये फिल्में, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन

Jun 11, 2023
04:05 pm

क्या है खबर?

'आदिपुरुष' रिलीज होने को तैयार है। इसकी कहानी भगवान श्रीराम की तर्ज पर बनाई गई है। इसमें प्रभास ने श्रीराम की भूमिका निभाई है। रुपहले पर्दे पर श्रीराम की कहानी को कई बार जीवंत किया गया है। अलग-अलग दौर में श्रीराम के जीवन और उनकी कहानी पर आधारित कई फिल्में बनाई गई हैं क्योंकि समाज के प्रति पेश किए गए श्रीराम के आदर्श हर दौर में प्रासंगिक रहे हैं। एक नजर रामायण से प्रेरित फिल्मों के प्रदर्शन पर।

#1

'RRR'

फिल्म 'RRR' में भी भगवान राम की झलक देखने को मिलती है। इसके आखिर में राम चरण भगवान राम के रूप में नजर आए थे। फिल्म में बहादुरी और गौरव को दिखाया गया है। यह फिल्म गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड से लेकर ऑस्कर पुरस्कार तक अपने नाम कर चुकी है। लगभग 500 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। आप यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#2

'राम सेतु'

भगवान राम से प्रेरित अक्षय कुमार की फिल्म 'राम सेतु' रामायण में बताए गए राम सेतु की खोज पर आधारित है। रामायण' में लंका पर चढ़ाई करने के लिए भगवान राम की सेना द्वारा समुद्र पर 'राम सेतु' बनाने की कथा बहुत दिलचस्प है, लेकिन यह कहानी फिल्म में बिखर गई। लिहाजा इसका मजा किरकिरा हो गया। 152 करोड़ रुपये में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर महज 92 करोड़ रुपये बटोर पाई थी। फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है।

#3

'बाहुबली: द कन्क्लूजन'

अमरेन्द्र बाहुबली और महेन्द्र बाहुबली इस सीरीज के सबसे मुख्य 2 कलाकार हैं, जो रामायण के भगवान राम की तरह लगते हैं, वहीं फिल्म में शिवगामी का किरदार लिखने के लिए रामायण के भरत का सहारा लिया गया है। दूसरी तरफ भल्लाल देव का किरदार रावण से तो देवसेना का किरदार मां सीता से प्रेरित है। 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 1,810 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म डिज्नी+ हॉटस्टार पर है।

#4

'रावण'

मणिरत्नम के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी को रावण के नजरिए से पेश किया गया है। रामायण को आधुनिक संदर्भों से जोड़कर मणिरत्नम ने इसे बनाया। यह रामायण के उस किस्से से शुरू होती है, जिसमें सीता का रावण अपहरण कर लेता है। ऐश्वर्या राय इसमें रामायण के एक किरदार बीरा मुंडा के रूप में दिखीं। 55 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 49 करोड़ रुपये कमाए थे। यह फिल्म डिज्नी+ हॉटस्टार पर है।

#5

'लव कुश' 

फिल्म 'लव कुश' 1997 में आई, जिसमें जितेंद्र और जया प्रदा ने मुख्य भूमिका निभाई। भगवान राम के रूप में जितेंद्र के अवतार और अभिनय को फिल्म में काफी पसंद किया गया था। यह फिल्म भगवान राम के साथ शुरू होती है, जो माता सीता के साथ रावण को पराजित करने के बाद अयोध्या लौटते हैं। माता सीता की भूमिका में जया थीं। हालांकि, फिल्म अपना बजट तक नहीं निकाल पाई थी। यह फिल्म ZEE5 पर देखी जा सकती है।