Page Loader
नयनतारा से पहले बॉलीवुड में शाहरुख के साथ शानदार शुरुआत कर चुकी हैं ये अभिनेत्रियां
शाहरुख खान के साथ दमदार शुरुआत कर चुकी हैं नयनतारा समेत ये अभिनेत्रियां

नयनतारा से पहले बॉलीवुड में शाहरुख के साथ शानदार शुरुआत कर चुकी हैं ये अभिनेत्रियां

Sep 08, 2023
02:53 pm

क्या है खबर?

शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' रिलीज होने से पहले भी चर्चा में थी और रिलीज होने के बाद भी यह खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। फिल्म जिस तरह से बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कर रही है, उससे तो लगता है कि लंबे समय तक यह चर्चा में रहने वाली है। इस फिल्म से साउथ की अभिनेत्री नयनतारा ने बॉलीवुड में एंट्री की है। आइए उन अभिनेत्रियों के बारे में जानें , जिन्होंने बॉलीवुड में शाहरुख के साथ धमाकेदार शुरुआत की।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा 10 साल पहले शाहरुख के साथ 'चेन्नई एक्सप्रेस' से बॉलीवुड में पदार्पण करने वाली थीं, लेकिन उन्होंने विनम्रता से प्रस्ताव ठुकरा दिया था। उनकी ना के बाद प्रियामणि ने शाहरुख संग गाने 'वन टू थ्री फोर' में डांस किया था

#1

दीपिका पादुकोण

दीपिका पादुकोण के करियर की पहली फिल्म 'ओम शांति ओम' थी और इसी के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत की थी। खास बात यह है कि अपनी पहली हिंदी फिल्म में ही उन्हें शाहरुख के साथ काम करने का मौका मिल गया था। फराह खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दीपिका डबल रोल में नजर आई थीं। 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये कमाए थे।

#2

शिल्पा शेट्टी

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के करियर की पहली फिल्म 'बाजीगर' थी, जो 1993 में आई थी। इस फिल्म के हीरो भी शाहरुख ही थे। शिल्पा ने इसमें शाहरुख की गर्लफ्रेंड सीमा चोपड़ा का किरदार निभाया था और अपनी पहली ही फिल्म से वह दर्शकाें का दिल जीतने में सफल रही थीं। अब्बास-मस्तान के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बजट 32 करोड़ रुपये थे और यह 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में सफल रही थी।

#4

प्रीति जिंटा

प्रीति जिंटा ने 1998 में फिल्म 'दिल से' के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा था और इसके हीरो भी शाहरुख ही थे। फिल्म में मनीषा कोइराला भी नजर आई थीं। इस फिल्म ने न सिर्फ भारत, बल्कि विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी जमकर कमाई की थी, वहीं समीक्षकों ने भी इसे सराहा था। प्रीति ने फिल्म में सहायक भूमिका निभाई थी और अपनी पहली ही फिल्म में वह अपनी माैजूदगी का अहसास कराने में कामयाब रही थीं।

#5

अनुष्का शर्मा

अनुष्का शर्मा ने निर्माता आदित्य चोपड़ा की फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। इसमें उनकी जोड़ी शाहरुख के साथ बनी थी। फिल्म में अनुष्का के काम को खूब सराहना मिली और फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन भी मिला। हालांकि, अनुष्का पुरस्कार पाने से चूक गई थीं। 31 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 157 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म का गाना 'तुझमें रब दिखता है' भी काफी लोकप्रिय हुआ था।

#3

महिमा चौधरी

महिमा चौधरी ने भी अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत शाहरुख के साथ की थी। उनकी पहली फिल्म 'परदेस' थी, जिसमें वह शाहरुख के साथ मुख्य भूमिका में दिखी थीं। सुभाष घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था। फिल्म ने 3 फिल्मफेयर पुरस्कार जीते थे और पहली ही फिल्म से महिमा ने खुद को बॉलीवुड में स्थापित कर दिया था। 10 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने 40 करोड़ रुपये कमाए थे।

पोल

आपको इनमें से किस अभिनेत्री के डेब्यू ने प्रभावित किया?