नाकामुरा यूरी का कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन, 44 की उम्र में ली आखिरी सांस
नेटफ्लिक्स की फिल्म 'रोमांटिक्स एनोनिमस' से मशहूर 44 साल की जापानी-कोरियाई अभिनेत्री नाकामुरा यूरी का कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया है। उनकी एजेंसी ने 14 सितंबर को उनके निधन की पुष्टि की।
एजेंसी ने बताया कि वह पहले कैंसर मुक्त हो गई थीं, लेकिन इस साल की शुरुआत में उनका कैंसर फिर से लौट आया, जिससे उनका इलाज करना काफी मुश्किल हो गया था।
नाकामुरा का अंतिम संस्कार रहा निजी
नाकामुरा का अंतिम संस्कार बेहद निजी रखा गया। इसमें उनके परिवार के करीबी सदस्य, कुछ खास दोस्त और एजेंसी के कर्मचारी ही शामिल हुए।
फिल्म और टेलीविजन में लगभग 30 साल तक काम करने वालीं नाकामुरा ने 'जू-ऑन: ब्लैक घोस्ट' और 2024 की 'बियॉन्ड गुडबाय' जैसी कई फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेरा था।
उनके सहकर्मी उनकी ऊर्जा और दयालुता के लिए उन्हें याद करते हैं। अभिनेता जुन कानामे ने बताया कि वह शूटिंग सेट पर हमेशा सकारात्मक माहौल बनाए रखती थीं।
वहीं, रयोहेई सुजुकी ने उन्हें "मजबूत होते हुए भी विनम्र, गरिमापूर्ण और खूबसूरत बताया। वह सच में एक लिली के फूल जैसी इंसान थीं। उनका जाना दिल तोड़ने वाला है।"