शाहना गोस्वामी ने कई रिश्तों में होने पर की खुलकर बात, बोलीं- 'मेरे कई पार्टनर हैं..'
'रा.वन' और 'संतोष' जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी से सबका दिल जीतने वाली अभिनेत्री शाहना गोस्वामी ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के साथ एक पॉडकास्ट में कई रिश्तों में होने पर खुलकर बात की।
उन्होंने बताया कि रिश्तों में खुलेपन का मतलब ईमानदारी से जुड़ना है। शाहना ने कहा, 'अभी मेरे पास कोई एक मुख्य पार्टनर नहीं है। मेरे पास कई लोग हैं, जिनके साथ मेरे लंबे समय से संबंध हैं, लेकिन यह कैजुअल नहीं है। मेरे लिए इनमें से कुछ भी कैजुअल नहीं है।'
उनके लिए यह किसी तयशुदा पहचान में बंधने के बजाय गहरे और सार्थक संबंधों को महत्व देने जैसा है।
शाहना ने की फिल्म 'संतोष' की तारीफ
शाहना मानती हैं कि प्यार और दोस्ती की परिभाषाओं से ज्यादा अहमियत खुद प्यार और दोस्ती की होती है। उन्होंने साफ कहा, 'प्यार को किसी एक दिशा में बांधने की जरूरत नहीं है। सबसे बुनियादी बात तो प्यार और दोस्ती ही है। जब मेरे पास इतना प्यार देने के लिए है, तो मैं सिर्फ एक इंसान को ही क्यों दूं?'
इस बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी फिल्म 'संतोष' के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारत की ऑस्कर प्रविष्टि है और एक विधवा की कहानी बताती है, जो अपने पति की पुलिस की नौकरी संभालती है और समाज की कई कड़वी सच्चाइयों का सामना करती है।
शाहना ने इस दमदार कहानी को पर्दे पर लाने का श्रेय निर्देशक संध्या सूरी को दिया।