सोशल मीडिया पर उड़ी अभिनेता प्रभु के अस्वस्थ होने की खबरें, PR टीम ने बताया सच
वरिष्ठ अभिनेता प्रभु की सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर अचानक कई अफवाहें फैलने लगीं, जिससे उनके फैंस और चाहने वालों के बीच चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, स्थिति को बिगड़ते देख उनकी PR टीम ने तुरंत सामने आकर इन खबरों का खंडन किया और साफ किया कि प्रभु एकदम स्वस्थ हैं। इसके साथ ही टीम ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की झूठी और भ्रामक खबरों पर बिल्कुल भी भरोसा न करें और ना ही इन्हें आगे साझा करें।
बिना जांचे-परखे जानकारी साझा न करें- टीम
प्रभु की टीम ने समझाया कि बिना जांचे-परखे कोई भी जानकारी साझा करने से फैंस के बीच बेवजह घबराहट और डर फैलता है। उन्होंने ध्यान दिलाया कि कुछ समय पहले अभिनेता कार्थी को लेकर भी सोशल मीडिया पर ठीक ऐसी ही झूठी अफवाहें उड़ाई गई थीं। टीम ने सभी प्रशंसकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है।
इन तमाम अफवाहों के बीच प्रभु लगातार फिल्मों में सक्रिय हैं। वो जल्द ही अपनी आने वाली फिल्म मार्शल में अभिनेता कार्थी के साथ नजर आएंगे। उनका ये प्रोजेक्ट साफतौर पर दिखाता है कि साउथ सिनेमा में उनका जलवा आज भी पहले की तरह बरकरार है।