फिर कोरोना वायरस से संक्रमित हुए अभिनेता कार्तिक आर्यन

भारत में कोरोना वायरस ने मनोरंजन जगत को अत्यधिक प्रभावित किया है। इससे कई फिल्मों का प्रोजेक्ट बाधित हुआ है। कई कलाकार इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं। मार्च में ही अभिनेता कार्तिक आर्यन कोरोना संक्रमित हुए थे। अब एक बार फिर से वह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस संबंध में जानकारी शेयर की है। उम्मीद है कि कार्तिक जल्द ही इस संक्रमण से उबर जाएंगे।
कार्तिक ने ट्विटर पर एक तस्वीर शेयर करते हुए खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'सब कुछ इतना पॉजिटिव चल रहा है, कोरोना से रहा नहीं गया।' सोशल मीडिया पर फैंस ने कार्तिक के जल्द ठीक होने की दुआएं की हैं। एक यूजर ने अपने कमेंट में लिखा, 'चिंता मत करो रूह बाबा...आप ठीक हो जाओगे। व्यस्त प्रमोशनल शेड्यूल के बाद आपको वास्तव में आराम की आवश्यकता है।'
Sab kuch itna Positive chal raha tha,
— Kartik Aaryan (@TheAaryanKartik) June 4, 2022
Covid se raha Nahi Gaya 😂 pic.twitter.com/vYlXAUsOyl
यह इस साल दूसरी बार है, जब कार्तिक कोरोना की चपेट में आए हैं। इससे पहले मार्च में उन्हें कोरोना संक्रमित पाया गया था। 22 मार्च को उन्होंने प्लस साइन के साथ अपने कोरोना संक्रमित होने की खबर दी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, 'पॉजिटिव हो गया, दुआ करो।' खैर कार्तिक जल्द ही कोरोना से रिकवर हो गए थे। इस बार भी फैंस दुआ कर रहे हैं कि कार्तिक जल्द कोरोना संक्रमण से उबर जाएं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्तिक अबू धाबी में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (IIFA) 2022 का हिस्सा बनने वाले थे। वह आज ही IIFA 2022 में परफॉर्म करने वाले थे। एक सूत्र ने बताया कि IIFA प्रबंधन कार्तिक की भागीदारी को लेकर काफी उत्साहित था। फैंस में भी इस बात को लेकर उत्साह था कि कार्तिक 'भूल भुलैया 2' की शानदार सफलता के बाद दर्शकों से रूबरू होने वाले हैं।
कार्तिक के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह साजिद नाडियाडवाला की फिल्म 'लुका छुपी 2' में नजर आएंगे। वह फिल्म 'शहजादा' में भी नजर आएंगे। हंसल मेहता की फिल्म 'कैप्टन इंडिया' में कार्तिक मुख्य भूमिका निभाएंगे। वह मशहूर निर्माता एकता कपूर की फिल्म 'फ्रेडी' से जुड़े हैं। अनीस बाज्मी की एक रोमांटिक फिल्म को लेकर कार्तिक सुर्खियों में हैं। संजय लीला भंसाली की फिल्म में भी कार्तिक नजर आ सकते हैं।
कार्तिक ने 2011 में 'प्यार का पंचनामा' से बॉलीवुड में अपना शानदार डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने इंडस्ट्री को 'सोनू के टीटू के स्वीटी', 'लुका छिपी' और 'पति पत्नी और वो' जैसी सफल फिल्में दी हैं।
देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 3,962 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या में थोड़ी गिरावट आई है। भारत में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 4,041 नए मामले सामने आए थे और 10 मरीजों की मौत हुई थी। देश में तीन महीने बाद नए मामलों की संख्या 4,000 पार हुई थी। देश में महामारी से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में मास्क को फिर से अनिवार्य करने की बात चल रही है।