गोविंदा ने झूठी खबरों पर अपनाया कड़ा रुख, 100 करोड़ के हर्जाने की चेतावनी
अभिनेता गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर उड़ रही अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कानूनी नोटिस जारी किया है। दरअसल, ये पूरा विवाद सुनीता आहूजा और राखी सावंत के बीच हुई एक वायरल बातचीत के बाद शुरू हुआ था। इस दौरान दावा किया जा रहा था कि सुनीता ने तलाक की अर्जी इसलिए वापस ली, क्योंकि गोविंदा अभिनेत्री रानी स्वर्णकार से शादी करने जा रहे थे। हालांकि, गोविंदा ने इन सभी दावों को पूरी तरह से झूठा और मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया है।
गोविंदा ने AI कंटेंट को लेकर दी 100 करोड़ रुपये हर्जाने की चेतावनी
गोविंदा की ओर से जारी कानूनी नोटिस में मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को बिना जांच-पड़ताल खबरें फैलाने के साथ-साथ उनकी तस्वीरों, वीडियो या AI कंटेंट का अनाधिकृत इस्तेमाल करने पर सख्त चेतावनी दी गई है। नोटिस में साफ किया गया है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत दीवानी और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, मानहानि करने वालों से 100 करोड़ रुपये तक के हर्जाने की मांग भी की जा सकती है। अभिनेता ने सभी से अपने और अपने परिवार से जुड़ी किसी भी तरह की झूठी या आपत्तिजनक सामग्री को तुरंत साझा करना बंद करने की अपील की है।