यूरोप में रेसिंग के दौरान साउथ स्टार अजित कुमार के साथ बड़ा हादसा, कार के उड़ गए परखच्चे
साउथ अभिनेता और पेशेवर रेसर अजित कुमार यूरोप में एक एंड्योरेंस रेसिंग इवेंट के दौरान बड़े हादसे का शिकार हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई।
रेस के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर दूसरी गाड़ी से जा टकराई। गाड़ी के एडवांस्ड सेफ्टी सिस्टम्स की वजह से वो गंभीर चोट लगने से बाल-बाल बच गए। इस रेस में व्हील में खराबी जैसी तकनीकी समस्याओं के कारण कई टीमों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
अजित के ठीक होने पर फैंस ने ली राहत की सांस
हादसे की खबर मिलते ही प्रशंसक काफी चिंतित हो गए थे, लेकिन अजित के सुरक्षित होने की जानकारी आते ही सोशल मीडिया पर राहत की सांस ली गई।
इस हादसे के बावजूद रेसिंग को लेकर उनका जुनून कम नहीं हुआ है और वो पूरी तरह समर्पित हैं, वहीं फिल्मों की बात करें तो अपनी पिछली रिलीज 'विदामुयर्ची' और 'गुड बैड अग्ली' के बाद उनकी अगली फिल्म 'डेयरडेविल' होगी। फैंस उनके सुरक्षित होने से बेहद खुश हैं और अब चाहे रेसिंग ट्रैक हो या सिनेमा का पर्दा, अपने पसंदीदा स्टार के अगले कदम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।