शाहरुख के इस गुरुमंत्र पर चल रहे अभिषेक बच्चन, बोले- उन्होंने कई बार मेरी जिम्मेदारी उठाई
क्या है खबर?
शाहरुख खान की एक खास सलाह अभिषेक बच्चन के अभिनय करियर की नींव बनी हुई है। अपनी पहली फिल्म से पहले मिली इस छोटी पर बड़ी सीख को अभिषेक आज भी मानते हैं। उनका मानना है कि जो काम आप अभी कर रहे हैं, उससे सच्चा प्यार करना ही आपको बेहतर एक्टर बनाता है। यही सोच उन्हें सही फिल्में चुनने में मदद करती है। अपने करियर में शाहरुख के जुड़ाव और समर्थन पर क्या बोले अभिषेक, आइए जानते हैं।
बचपन की यादें
"आदित्य चोपड़ा के घर खेलते थे क्रिकेट, बड़े भाई जैसे थे शाहरुख"
फिल्म 'किंग' के रिलीज से पहले BBC एशियन नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में अभिषेक ने अपने बचपन के दिनों को याद किया।
उन्होंने बताया कि तब रविवार का मतलब निर्माता आदित्य चोपड़ा के घर पर क्रिकेट खेलना होता था, जहां उदय चोपड़ा, ऋतिक रोशन और सिकंदर खेर जैसे दोस्त उनके साथ खेलते थे। उस दौरान शाहरुख खान भी वहां मौजूद रहते थे और अभिषेक की यादों के मुताबिक, वो पूरे ग्रुप के लिए एक बड़े भाई जैसे बन गए थे।
मददगार
करियर के हर मोड़ पर अभिषेक की ढाल बने शाहरुख
इस इंटरव्यू के वीडियो को ऋतिक रोशन ने भी पसंद किया। अभिषेक ने कहा कि वो हमेशा से शाहरुख के करीब रहे हैं और उनका कहना है कि शाहरुख उनके लिए लगातार समर्थन का एक बड़ा जरिया रहे हैं।
अपने करियर में शाहरुख के खास योगदान और जुड़ाव पर बात करते हुए अभिषेक बोले, "शाहरुख ने कई मौकों पर मेरे करियर की व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी उठाई है, जिसमें आगामी फिल्म 'किंग' भी शामिल है।"
सीख
अभिषेक ने याद की शाहरुख की कभी न भूलने वाली सीख
फिल्मों में आने से पहले अभिषेक ने शाहरुख से पूछा था कि उनकी पसंदीदा फिल्म कौन सी है।
तब शाहरुख ने कहा, "मेरी पसंदीदा फिल्म वही है, जो मैं अभी कर रहा हूं, वरना मैं उसे करता ही क्यों? जो अतीत में बीत गया, मैं उस पर ध्यान नहीं देता।"
शाहरुख की इसी सोच को अपनाते हुए अभिषेक कहते हैं कि वर्तमान काम से प्यार ही सबसे जरूरी है और इस समय उनके लिए सब कुछ सिर्फ 'किंग' ही है।
किंग
'कालीधर लापता' के बाद 'किंग' में रंग जमाएंगे अभिषेक
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर, 2026 को रिलीज होने वाली है। सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली ये शाहरुख की बेटी सुहाना खान की पहली फिल्म होगी।
फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और करीना कपूर भी नजर आएंगे।
बता दें कि अभिषेक बच्चन हाल ही में ZEE5 की फिल्म 'कालीधर लापता' में दिखे थे, जिसमें उनके अभिनय को न सिर्फ दर्शकों, बल्कि समीक्षकों ने भी खूब सराहा था।