'द सोशल रेकनिंग' का दमदार ट्रेलर रिलीज, फेसबुक के बड़े राज खोलने वाली इंजीनियर पर बनी फिल्म
आरोन सोर्किन की नई फिल्म 'द सोशल रेकनिंग' का पहला ट्रेलर रिलीज हो गया है। ये फिल्म साल 2021 में हुए फेसबुक फाइल्स लीक के असली मामले पर आधारित है। फिल्म की कहानी फेसबुक की एक इंजीनियर फ्रांसेस हॉगन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्होंने कंपनी के कई बड़े और अहम राज दुनिया के सामने खोले थे। फिल्म में फ्रांसेस का रोल माइकी मैडिसन निभा रही हैं, वहीं पत्रकार जेफ हॉरविट्ज का किरदार जेरेमी एलन व्हाइट निभा रहे हैं, जिन्होंने इन खुलासों को दुनिया तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
'द सोशल नेटवर्क' की अगली कड़ी है ये फिल्म
इस फिल्म में सोर्किन के लिखे शानदार और दमदार डायलॉग्स सुनने को मिलेंगे, जो बड़ी कंपनियों की ताकत और उनके तौर-तरीकों पर गहरे सवाल उठाते हैं। इसे उनकी सुपरहिट फिल्म 'द सोशल नेटवर्क' का अगला भाग माना जा रहा है। फिल्म में जेरेमी स्ट्रॉन्ग, वुनमी मोसाकू, बेट्टी गिलपिन और बिली मैग्नुसन भी मुख्य किरदारों में हैं। खुद सोर्किन इस फिल्म के निर्देशक हैं, जो 9 अक्टूबर, 2026 से सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।