आमिर खान ने गौरी स्प्रैट से घर पर ही की कोर्ट मैरिज, सामने आई पहली तस्वीर
क्या है खबर?
आखिरकार वो शुभ घड़ी आ गई है, जिसका आमिर खान के साथ-साथ उनके प्रशंसकों को भी बेसब्री से इंतजार था। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंध गए हैं। मुंबई के पाली हिल स्थित उनके आवास पर बारिश के बीच बेहद निजी और 'घरेलू' अंदाज में यह विवाह संपन्न हुआ। कोर्ट मैरिज के बाद दोनों परिवारों और बेहद करीबी दोस्तों की मौजूदगी में इस खास दिन का जश्न मनाया गया।
शादी
आखिरकार एक-दूजे के हुए आमिर और गौरी
मुंबई में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच आमिर के पाली हिल स्थित आवास के बाहर सुबह से ही हलचल तेज थी। झमाझम बारिश के बावजूद पैपराजी कैमरे ताने उनके घर के बाहर डटे रहे। निर्देशक आशुतोष गोवारिकर भी अपनी पत्नी संग आमिर को बधाई देने उनके घर पहुंचे। आखिरकार 5 जुलाई को आमिर-गौरी हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो चुके हैं। सादगी से भरी उनकी इस शादी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
सादगी
बिना किसी तामझाम के आमिर ने रचाई शादी
किसी बड़े होटल के बजाय 61 वर्षीय आमिर ने मुंबई के पाली हिल स्थित अपने घर पर बेहद सादगी से तीसरी शादी रचाई। दोनों ने 'स्पेशल मैरिज एक्ट' के तहत कोर्ट मैरिज की। इस शादी में न तो फिल्मी सितारों की भीड़ थी और ना ही कोई तामझाम। शादी को पूरी तरह निजी रखा गया, जिसमें सिर्फ परिवार के लोग और बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए। साधारण लाइटों से सजे आमिर के घर में ये शादी बेहद खास रही।
निमंत्रण
सिर्फ 100-150 खास लोगों को भेजा गया था न्योता
आमिर और गौरी की शादी में दोनों परिवारों और करीबी दोस्तों को मिलाकर केवल 100 से 150 मेहमानों को न्योता भेजा गया था। सूत्रों के अनुसार, इस खास मौके के लिए मेहमानों से लेकर लंच के मेन्यू तक को इस जोड़ी ने खुद ही तय किया है। खुद आमिर ने बताया था कि उन्होंने जानबूझकर इस शादी को बेहद निजी रखने का फैसला किया है और उनकी किसी बड़े तामझाम की कोई योजना नहीं है।
शादियां
गौरी के हमसफर बनने से पहले ऐसा रहा आमिर का वैवाहिक सफर
आमिर इससे पहले 2 बार शादी कर चुके हैं। उन्होंने पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से की थी। इस शादी से उनके 2 बच्चे, जुनैद खान और आइरा खान हैं। हालांकि, 16 साल तक साथ रहने के बाद साल 2002 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद, फिल्म 'लगान' के सेट पर मुलाकात होने के बाद आमिर ने साल 2005 में फिल्ममेकर किरण राव से दूसरी शादी रचाई। आमिर और किरण का एक बेटा आजाद है।