सनी देओल की फिल्म 'लाहौर 1947' का नाम क्यों बदला गया? इस वजह से डरे निर्माता
क्या है खबर?
पिछली बार 'बॉर्डर 2' से बॉक्स ऑफिस पर गदर मचाने वाले सनी देओल आने वाले दिनाें में कई बड़ी फिल्माें में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इन्हीं में से एक है 'लाहौर 1947', जिसे लेकर उनके प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है। अब इस फिल्म से जुड़ी एक नई जानकारी सामने आ रही है। दरअसल, इसका नाम बदल दिया गया है। निर्माताओं ने किसी भी तरह के विवाद से बचने के लिए फिल्म का नाम बदलने का फैसला किया है।
बदलाव
अब इस नाम से रिलीज होगी फिल्म
'लाहौर 1947' का नाम अब बदलकर 'बंटवारा 1947' कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच की राजनीतिक संवेदनशीलता और किसी भी तरह के फालतू विवाद से बचने के लिए निर्माताओं ने ये फैसला लिया है। पिछले महीने खबरें थीं कि निर्माता कहानी के हिसाब से एक बेहतर और सटीक नाम ढूंढ रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर था कि 'लाहौर' नाम से फालतू का विवाद हो सकता है, इसलिए 'बंटवारा 1947' ज्यादा सुरक्षित माना गया।
स्टारकास्ट
फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे
निर्माता जल्द ही नए नाम का ऐलान करेंगे। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के निर्माता आमिर खान हैं, वहीं इसमें सनी के साथ अभिनेत्री प्रीति जिंटा को लीड रोल में देखा जाएगा। शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं।इस फिल्म की सगीत की जिम्मेदारी जहां ऑस्कर विजेता एआर रहमान को सौंपी गई हैं, वहीं गाने लिखने का काम जावेद अख्तर के जिम्मे है।
खासियत
क्यों खास है ये फिल्म?
इस फिल्म में सनी एक बार फिर देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आएंगे, जैसा प्रशंसक उनस उम्मीद करते हैं। 'घायल', 'घातक' और 'दामिनी' जैसी कई कालजयी फिल्में साथ दे चुके सनी देओल और राजकुमार संतोषी इसके जरिए 28 साल बाद साथ आ रहे हैं और इससे भी खास बात ये है कि यह सनी की पहली फिल्म है, जिसे आमिर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म के जरिए लंबे समय बाद प्रीति पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
आगामी फिल्में
सनी की ये फिल्में भी कतार में
सनी के पास फिलहाल एक से बढ़कर एक फिल्में हैं। एक ओर वो निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में भगवान हनुमान का किरदार निभाने वाले हैं ताे फरहान अख्तर की 'एंटनी' नाम की फिल्म भी उनके पास है, जिसमें उनके साथ अभिनेता विजय वर्मा नजर आएंगे। एक तरफ उनकी फिल्म 'गबरू' की चर्चा हो रही है तो दूसरी तरफ उनकी नेटफ्लिक्स पर आने वाली फिल्म 'इक्का' को लेकर भी फैंस बेसब्र हैं, जिसमें अक्षय खन्ना भी हैं।